मुश्किल में यो-यो हनी सिंह, मुकदमा दर्ज अब होगी गिरफ्तारी
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने गायक और प्रसिद्ध रैपर हनी सिंह के खिलाफ गाने में अश्लील शब्दों के इस्तेमाल के सम्बंध में मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ से 80 किलोमीटर दूर नवानशहर में भारतीय दंड संहिता की धारा 294 के तहत हनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने मंगलवार को पंजाब पुलिस को हनी के गाने में अश्लीलता के सम्बंध में उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
अपने गाने में अश्लील एवं द्विअर्थी संवादों के प्रयोग की वजह से हनी विवादों के घेरे में रहे हैं। मालूम हो कि अभी कुछ दिन पहले हाईकोर्ट ने अश्लील गीत गाने वाले हनी सिंह के खिलाफ पंजाब सरकार को फटकार लगायी है कि उन्होंने हनी सिंह के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जसबीर सिंह और न्यायमूर्ति आरके जैन की पीठ ने पंजाब सरकार से तत्काल हनी सिंह पर लगाम कसने को कहा है क्योंकि पीठ को लगता है कि हनी सिंह के गाने भारतीय संस्कृति को दूषित कर रहे हैं।

हाईकोर्ट ने साफ तौर पर कहा कि हनी सिंह जैसे गायकों का बहिष्कार कर देना चाहिए। मालूम हो कि हाईकोर्ट ने यह बात उस याचिका की सुनवाई पर कही जो कि हनी सिंह के खिलाफ हाईकोर्ट में दाखिल की गयी थी। जिसमें यह कहा गया था कि हनी सिंह को अश्लील गाने भारतीय संस्कृति के घातक साबित हो रहे हैं। अदालत के इस फैसले के बाद हनी सिंह की मुसिबत बढ़ सकती है और उनकी गिरफ्तारी भी संभव है।


Click it and Unblock the Notifications











