बॉक्स ऑफिस नवंबर - दिसंबर 2021: सूर्यवंशी से अंतिम, तड़प से जर्सी तक, 7 फिल्मों पर 600 करोड़ की बाज़ी
5 नवंबर को दिवाली के एक दिन बाद रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी रिलीज़ हो रही है और इसी के साथ बॉलीवुड में बॉक्स ऑफिस पर दो सालों का पड़ा सूखा खत्म होने जा रहा है। बॉलीवुड में आखिरी बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट थी अजय देवगन स्टारर तान्हाजी: द अनसन्ग वॉरियर जिसने 200 करोड़ से ऊपर की कमाई की थी।
दशक की शुरूआत जहां शानदार तरीके से हुई वहीं कोरोना के बाद बॉक्स ऑफिस की स्थिति पर चरमरा गई। अब सूर्यवंशी के साथ उम्मीद की जा रही है कि अक्षय कुमार - कैटरीना कैफ - रणवीर सिंह - अजय देवगन के साथ रोहित शेट्टी, बॉक्स ऑफिस का लगभग 21 महीनों का वनवास खत्म करेंगे।

देखा जाए तो अब दुनिया दो भागों में बंट चुकी है। कोरोना के पहले वाली और कोरोना के बाद वाली। कोरोना के पहले वाली दुनिया में सूर्यवंशी 24 मार्च 2020 को रिलीज़ हो रही थी। फिल्म की रिलीज़ की तैयारी चल रही थी और फिल्म का धुंआधार प्रमोशन हो रहा था। सब कुछ ठीक होता तो तो ये अक्षय कुमार के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म होती।
लेकिन कोरोना के बाद की दुनिया में सब कुछ बदल चुका है। सूर्यवंशी का थिएटर में रिलीज़ होना पूरी इंडस्ट्री के लिए एक टेस्ट की तरह है और हर कोई बस सूर्यवंशी के सफल होने की कामना कर रहा है। क्योंकि अगर रोहित शेट्टी की ये ब्लॉकबस्टर स्टारकास्ट, थिएटर में वापस दर्शकों को खींच लाई तो वाकई बॉलीवुड के लिए इससे सफल कोई दीवाली नहीं होगी।
आने वाले दो महीनों में बॉलीवुड में सात बड़ी फिल्मों को रिलीज़ होना है। और इन सात फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ की बाज़ी लगी हुई है।

सूर्यवंशी के साथ शुरूआत
बॉक्स ऑफिस का सूखा खत्म होगा दिवाली पर सूर्यवंशी के साथ। अगर कोरोना नहीं होता तो शायद ये फिल्म 300 करोड़ क्लब पार करते हुए इतिहास रच सकती थी। लेकिन अब कोरोना काल के बाद माना जा रहा है कि ये फिल्म 200 करोड़ तक की कमाई कर सकती है और तब ही इसे ब्लॉकबस्टर कहा जाएगा। दिवाली के एक दिन बाद रिलीज़ हो रही ये फिल्म अगर 28 - 31 करोड़ की ओपनिंग दे पाई तो मान लिया जाएगा कि बॉक्स ऑफिस के अच्छे दिन अब आ गए हैं।

बंटी और बबली 2
सूर्यवंशी की दिवाली ओपनिंग के बाद बॉक्स ऑफिस पर लौटेगी बंटी और बबली की कहानी। यशराज फिल्म्स एक बार फिर से बंटी और बबली फ्रेंचाईज़ी को आगे बढ़ाते हुए एक और सट्टा खेलने को तैयार है। जिस तरह ट्रेलर पर लोगों ने रिस्पॉन्स दिया है उससे माना जा सकता है कि फिल्म 35 - 40 करोड़ और ज़्यादा खिंच पाई तो 50 करोड़ की कमाई कर सकती है।

सत्यमेव जयते 2
जॉन अब्राहम और दिव्या खोसला स्टारर सत्यमेव जयते 2, 25 नवंबर को रिलीज़ हो रही है। पिछले कुछ सालों में जिस तरह एक्शन मसाला फिल्मों के साथ जॉन अब्राहम ने अपनी अलग जगह बना ली है, माना जा रहा है कि सत्यमेव जयते 2 आराम से 60 करोड़ तक की कमाई कर सकती है।

अंतिम - द फाईनल ट्रुथ
26 नवंबर को जॉन अब्राहम को टक्कर देने आएगी आयुष शर्मा - सलमान खान स्टारर अंतिम द फाईनल ट्रुथ। फिल्म टिपिकल भाई ऑडियंस वाली फिल्म है और इसलिए फिल्म अच्छी होगी या बुरी इससे ज़्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। सलमान खान के साथ ही फिल्म में वरूण धवन का कैमियो इस गारंटी के साथ आ रहा है कि ये फिल्म 50 करोड़ से ऊपर की कमाई करेगी और 75 करोड़ तक का आंकड़ा छू सकती है।

तड़प
दिसंबर की शुरूआत होगी सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी के डेब्यू के साथ। साजिद नाडियाडवाला, अहान शेट्टी के साथ टाईगर श्रॉफ की हीरोपंती का इतिहास दोहरा सकते हैं। तड़प को युवाओं का साथ अगर मिलता है तो ये फिल्म एक सरप्राइज़ पैकेज हो सकती है और 70 - 75 करोड़ से ऊपर का आंकड़ा छू सकती है। वरना फिल्म 35 - 40 करोड़ की कमाई करेगी।

चंडीगढ़ करे आशिकी
इसके बाद 10 दिसंबर को रिलीज़ हो रही है आयुष्मान खुराना की फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी। आयुष्मान खुराना स्लीपर हिट के बादशाह हैं। उनकी फिल्में आराम आराम से कमाई करते हुए अच्छा खासा बॉक्स ऑफिस बटोर लेती हैं। फिर इस फिल्म के पास 10 दिसंबर से काफी समय होगा क्योंकि अगली फिल्म सीधा 25 दिसंबर को रिलीज़ होगी। ऐसे में चंडीगढ़ करे आशिकी के पास कमाने के लिए 35 - 60 करोड़ के बीच का एक बड़ा Window होगा।

83
दो सालों के बाद थिएटर में वो फिल्म आएगी जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार था। 83 थिएटर हॉल को स्टेडियम में बदलने की काबिलियत रखने वाली फिल्म है और इसलिए इस फिल्म पर सीधा 220 - 250 करोड़ तक की बाज़ी लगाई जा रही है। हालांकि, वर्ल्ड कप में भारत के प्रदर्शन का असर कुछ हद तक इस फिल्म पर पड़ सकता है। लेकिन वो असर अच्छा होगा या बुरा ये कहने के लिए फिलहाल थोड़ा जल्दबाज़ी होगी।

2021 का The End
2021 का समापन होगा शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी के साथ। शाहिद कपूर की पिछली फिल्म कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर धुंआधार प्रदर्शन किया और वॉर के बाद 2019 की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्म बनी। ऐसे में जर्सी से भी अद्भुत प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है और माना जा रहा है कि शाहिद कपूर इस फिल्म को 100 करोड़ के पार हिट करने की काबिलियत रखते हैं।

600 करोड़ से ऊपर की कमाई
कुल मिलाकर देखा जाए तो नवंबर और दिसंबर के महीनों में मिलाकर बॉलीवुड लगभग 600 करोड़ की कमाई कर सकता है। इस कमाई का तीन बड़ा हिस्सा लेकर आएंगी सूर्यवंशी, 83 और काफी हद तक अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म तड़प। नवंबर के महीने में जहां 370 - 390 करोड़ तक की कमाई हो सकती है जिसमें 200 करोड़ केवल सूर्यवंशी लेकर आएगी। वहीं दिसंबर में भी 300 करोड़ से ऊपर की कमाई हो सकती है जिसका मुख्य हिस्सा 83 लेकर आएगी।


Click it and Unblock the Notifications
