इस ओडिया फिल्म ने महीने भर में पांच गुना कमाई करके तोड़े सारे रिकॉर्ड्स, बॉलीवुड के दिग्गजों की उड़ी नींद!

Bou Buttuu Bhoota Odia movie: अगर आप एक अलग कहानी की तलाश में हैं तो अब ओडिशा का सिनेमा आपके लिए लाया है एक धांसू फिल्म- Bou Buttu Bhuta। एक तरफ जहां बड़े-बजट वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस लड़खड़ा रही हैं, वहीं छोटे बजट की ओडिया फिल्म 'बौ बुट्टू भूटा' ने कमाई के मामले में सबको पीछे छोड़ दिया है।
डायरेक्टर जगदीश मिश्रा की इस हॉरर-कॉमेडी ने सिर्फ दर्शकों को डराया ही नहीं, बल्कि पेट पकड़कर हंसने पर भी मजबूर कर दिया। पिछले महीने रिलीज हुई इस फिल्म ने एक महीने के अंदर ही 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। सोचिए, एक फिल्म जिसका बजट सिर्फ 2-3 करोड़ हो और कमाई हो जाए पांच गुना से भी ज्यादा- इसी को तो कहते हैं "छोटा पैकेट, बड़ा धमाका!" फिल्म ने 403% से भी ज्यादा का ROI (रिटर्न ऑन इनवेस्टमेंट) देकर पुराने सभी रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है।
फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी घूमती है बुट्टू नाम के मछुआरे के इर्द-गिर्द, जिसकी जिंदगी में एंट्री लेती है एक बदला लेने वाली आत्मा। अब आप सोच रहे होंगे हॉरर फिल्म है, डरना तो बनता है, लेकिन जनाब, यहां भूत डराने नहीं, हंसाने आया है। गांव की गलियों, लोककथाओं, रीति-रिवाजों और गांव वालों की सीधी-सादी जिंदगी में जो ट्विस्ट आता है, वो स्क्रीन पर देखना एक ट्रीट है।
कास्ट की शानदार एक्टिंग
फिल्म में बाबूशान मोहंती, अर्चिता साहू और अपराजिता मोहंती लीड रोल में हैं। इनके साथ अनुगुलिया बंटी, चौधरी जयप्रकाश दास और रॉबिन दास ने भी शानदार काम किया है। बाबूशान की कॉमिक टाइमिंग और अर्चिता की अदाएं दर्शकों के दिलों पर सीधा असर कर रही हैं।
सबसे कमाऊ ओडिया फिल्म बनी Bou Buttu Bhuta
Bou Buttu Bhuta से पहले, 'दमन' जो साल 2022 में रिलीज हुई थी, इस फिल्म ने 7.5 करोड़ की कमाई कर ओडिया सिनेमा का परचम लहराया था। लेकिन 'बौ बुट्टू भूटा ने दोगुने से भी ज्यादा कलेक्शन करके नया इतिहास रच दिया है।
IMDb पर कमाल की रेटिंग!
सिर्फ कमाई नहीं, फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से जबरदस्त रिव्यू भी मिल रहे हैं। IMDb पर फिल्म को 8.4 स्टार्स मिले हैं, जो ओडिया सिनेमा के लिए बहुत बड़ी बात है।
Bou Buttu Bhuta इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि असली मनोरंजन सिर्फ बड़े बजट से नहीं, बड़ी सोच और दिल से बनता है। फिल्म ने दिखा दिया कि ओडिया सिनेमा भी ऑडियंस का दिल जीत सकता है, और अब इसे कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता। तो अगर आपने अब तक Bou Buttu Bhuta नहीं देखी- तो समझिए कुछ मिस कर दिया है।
कब और कहां देखें Bou Buttu Bhuta
Bou Buttu Bhuta को स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के आसपास डिजिटल रिलीज किया जा सकता है। अगर स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म इस फिल्म में हिंदी डबिंग या सबटाइटल्स जोड़ देता है, तो यह भारत के अलग-अलग राज्यों के दर्शकों को भी पसंद आ सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म को Zee5 या फिर Sony Liv पर स्ट्रीम किया जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications











