अजय देवगन की मैदान को हो रहा करोड़ों का घाटा, प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने कहा - नुकसान से डिप्रेशन में चला जाऊंगा
कोरोना काल में कई फिल्मों को बहुत ही ज़्यादा नुकसान हो रहा है। इसमें शामिल है बोनी कपूर की फिल्म मैदान। फिल्म का आखिरी शेड्यूल, अभी भी शूटिंग के लिए बचा है। पिछले साल कोरोना लॉकडाउन के कारण फिल्म के सेट को तोड़ना पड़ा था। इसके बाद इस सेट को दोबारा बनाया गया और आखिरी शेड्यूल शूट होना शुरू हुआ था।
लेकिन दोबारा लॉकडाउन लगने से एक बार फिर शूटिंग रूक गई। इसके बाद मुंबई को ताऊ ते तूफान झेलना पड़ा। इस तूफान में मैदान का सेट बुरी तरह उजड़ गया।

अब तीसरी बार सेट बनाया जा रहा है। इस बारे में बात करते हुए प्रोड्यूसर बोनी कपूर का कहना है, "मैं अब सेट देखना भी नहीं चाहता। अगर मैं इस बारे में सोचूंगा तो नुकसान की कीमत सोच कर रो दूंगा। इस समय मैं पॉज़िटिव रहना चाहता हूं। फिल्म का बजट इतना ज़्यादा बढ़ चुका है कि मैं डिप्रेशन में चला जाऊंगा।"
हालांकि बोनी कपूर का कहना है कि वो भगवान के शुक्रगुज़ार हैं कि ताऊ ते के दौरान किसी को जान का नुकसान नहीं हुआ और सब सुरक्षित हैं क्योंकि उस वक्त सेट पर 40 - 50 लोग थे।

OTT की अफवाहें
हाल ही में अफवाहें थीं कि फिल्म सलमान खान की राधे की तरह ही Pay Per View फॉर्मैट में रिलीज़ होगी। माना जा रहा था कि इसके लिए एक OTT प्लेटफॉर्म के साथ डील भी फाईनल हो चुकी है। लेकिन फिल्म की टीम ने इसका खंडन किया।

कई बार बदली जा चुकी रिलीज़ डेट
गौरतलब है कि फिल्म की रिलीज़ डेट कई बार बदली जा चुकी है। 2020 के स्वतंत्रता दिवस के बाद इसे बदल कर नवंबर किया गया। इसके बाद नवंबर से बढ़ाकर इसे 11 दिसंबर किया गया। लेकिन देश में कोरोना के हालात नहीं सुधरे। आखिरकार, 2021 में फिल्म को दशहरा पर रिलीज़ करने का एलान किया गया था।

हुई ज़ोरदार टक्कर
लेकिन दशहरा की डेट अनाउंस करते ही बाहुबली डायरेक्टर एस एस राजामौली ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म RRR की रिलीज़ का अनाउंसमेंट भी 11 दिसंबर को ही कर दिया। दिलचस्प ये कि राजामौली की RRR में भी अजय देवगन का ज़बरदस्त कैमियो है।

बोनी कपूर ने कहा बिल्कुल गलत
एस एस राजामौली के इस कदम से बोनी कपूर बेहद बेहद आहत हुए। उनका कहना था कि ये बहुत ही गलत और अनैतिक हैं। जब अजय देवगन को पता चला कि राजामौली अपनी फिल्म दशहरा पर रिलीज़ करना चाहते हैं, उन्होंने राजामौली को बोनी कपूर से बात करने की सलाह दी थी।लेकिन राजामौली ने किसी से भी बात करना ज़रूरी नहीं समझा और अपनी फिल्म की रिलीज़ का एलान कर दिया।

सैयद अब्दुल रहीम बायोपिक
मैदान एक बायोपिक है जिसमें अजय देवगन सैयद अब्दुल रहीम के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम में रिलीज़ हो रही है। फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं तेवर फेम अमित रविंदरनाथ शर्मा और इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं ज़ी स्टूडियो और बोनी कपूर।

16 साल बाद वापसी
अजय देवगन और बोनी कपूर इस फिल्म के साथ 16 साल बाद साथ आ रहे हैं। गौरतलब है कि सैयद अब्दुल रहीम, भारत के सबसे बड़े फुटबॉल कोच थे जिन्होंने 1951 से 1962 तक राज किया।

एक कोच की कहानी
फिल्म एक कोच और उसकी टीम के रिश्तों और आपसी समझ और सूझ बूझ की कहानी होगी और गुरू शिष्य रिलेशनशिप पर फोकस करेगी। डायरेक्टर अमित शर्मा का मानना है कि ये अजय देवगन के करियर की बेस्ट फिल्म है।

मिलना चाहिए नेशनल अवार्ड
अजय देवगन के बारे में बात करते हुए अमित शर्मा बता चुके हैं कि "अजय सर ने जो समर्पण का स्तर दिखाया है, वह लोगों को ज़रूर दिखेगा। उन्होंने ना केवल एक फुटबॉलर के तौर पर खुद को तैयार किया, बल्कि वह पूरी प्रोजेक्ट के दौरान लगातार जुड़े रहे। मैदान अजय सर के बिना नहीं बन सकती थी। मुझे लगता है कि वह एक और राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं।"

अजय देवगन का बॉक्स ऑफिस
2020 में अजय देवगन तान्हाजी के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। तान्हाजी, अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बनी। ऐसे में उनकी अगली फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर काफी उम्मीदें की जा रही थीं।


Click it and Unblock the Notifications