श्रीदेवी की प्रॉपर्टी पर तीन लोगों ने जमाया अपना हक, खुद को बताया जमीन का मालिक, हाई कोर्ट में छिड़ी जंग

Sridevi property dispute: दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी की प्रॉपर्टी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फिल्ममेकर बोनी कपूर ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर बताया कि तीन लोग उनकी दिवंगत पत्नी श्रीदेवी की प्रॉपर्टी पर गैरकानूनी तरीके से दावा कर रहे हैं।
बोनी कपूर का आरोप
द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, बोनी कपूर ने कोर्ट में कहा कि इन तीन लोगों ने फर्जी तरीके से श्रीदेवी की संपत्ति पर हक जताया है। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 1988 को श्रीदेवी ने यह जमीन एम.सी. संबंदा मुदलियार से खरीदी थी। मुदलियार के परिवार ने पहले ही फरवरी 1960 में आपसी सहमति से संपत्ति का बंटवारा कर लिया था और उसी आधार पर श्रीदेवी ने यह प्रॉपर्टी खरीदी थी।
प्रॉपर्टी पर नया दावा
अब तीन लोग इस जमीन पर मालिकाना हक जताने लगे हैं। इनमें से एक महिला का दावा है कि वह मुदलियार के बेटे की दूसरी पत्नी है और बाकी दो उसके बेटे हैं। बोनी कपूर ने अपनी याचिका में यह भी बताया कि उस महिला की शादी 5 फरवरी 1975 को हुई थी, जबकि मुदलियार के बेटे की पहली पत्नी 24 जून 1999 तक जीवित थीं। यानी यह शादी गैरकानूनी थी।
वारिस सर्टिफिकेट पर सवाल
बोनी कपूर ने कोर्ट से यह भी सवाल किया कि टैक्स अधिकारी ने आखिर कैसे इन तीनों को लीगल हेयरशिप सर्टिफिकेट जारी कर दिया। उन्होंने कोर्ट से इस सर्टिफिकेट को तुरंत कैंसिल करने की मांग की। मामले पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एन. आनंद वेंकटेश ने तांबरम तालुक तहसीलदार को चार हफ्तों में इस पर फैसला लेने का आदेश दिया है।
कहां है श्रीदेवी की प्रॉपर्टी?
श्रीदेवी की यह प्रॉपर्टी चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) पर स्थित है। इसे कपूर परिवार का फार्महाउस रिट्रीट माना जाता है।
बोनी और श्रीदेवी की यादें
श्रीदेवी ने 1996 में बोनी कपूर से शादी की थी। लेकिन 2018 में दुबई में उनका निधन हो गया। उनकी दोनों बेटियां जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। जाह्नवी ने 2018 में 'धड़क' से डेब्यू किया, वहीं खुशी ने 2023 में 'द आर्चीज' से बॉलीवुड में कदम रखा।


Click it and Unblock the Notifications











