जान्हवी कपूर की रूही देख भावुक हुए बोनी कपूर, श्रीदेवी को याद किया और कहा...
जान्हवी कपूर, राजकुमार राव और वरूण शर्मा स्टारर हॉरर कॉमेडी रूही, सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है और जान्हवी कपूर के पिता बोनी कपूर ने अपनी बेटी की दूसरी फिल्म थियेटर में देखी। जान्हवी कपूर को दोबारा स्क्रीन पर देखने के बाद बोनी कपूर काफी भावुक हो गए।
बोनी कपूर ने कहा, जान्हवी हर फिल्म के लिए और ज़्यादा मेहनत करती है। वो हर फिल्म के साथ और बेहतर बनने की कोशिश करती है। उसे अपने काम के प्रति इतना ईमानदार देखकर उसकी मां को उस पर गर्व होता।

वहीं, राजकुमार राव, वरूण शर्मा और जान्हवी की तिकड़ी पर बात करते हुए बोनी कपूर ने बताया कि तीनों को फिल्म के एक साथ देखना शानदार है। फिल्म भी बेहतरीन है।
गौरतलब है कि जान्हवी की पहली फिल्म धड़क, 2018 में रिलीज़ हुई थी। ये फिल्म श्रीदेवी की मौत के कुछ महीनों बाद रिलीज़ हुई थी। इसके बाद जान्हवी, नेटफ्लिक्स के लिए ज़ोया अख्तर की हॉरर फिल्म Ghost Stories में नज़र आईं।
उनकी फिल्म द कारगिल गर्ल गुंजन सक्सेना, लॉकडाउन के कारण सिनेमाघरों में रिलीज़ नहीं हो पाई। ये फिल्म सीधा नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई। ऐसे में 2018 में धड़क के बाद, जान्हवी कपूर, रूही के साथ दूसरी बार बड़े परदे पर नज़र आ रही हैं। और उनका काम देखकर बोनी कपूर बहुत ही ज़्यादा खुश हैं।

करने जा रहे हैं डेब्यू
गौरतलब है कि बोनी कपूर, डायरेक्शन और प्रोडक्शन के बाद अब अपना एक्टिंग डेब्यू भी करने जा रहे हैं। लव रंजन की कॉमेडी फिल्म में वो रणबीर कपूर के पिता की भूमिका में दिखाई देंगे। दिलचस्प है कि पहले ये किरदार अजय देवगन निभाने वाले थे।

जान्हवी के पिता बनने को उत्सुक
वहीं अपने फिल्म डेब्यू के बारे में बात करते हुए एक इंटरव्यू में बोनी कपूर ने ये भी बताया कि वो स्क्रीन पर जान्हवी के पिता बनना ज़रूर चाहेंगे। इससे बेहतर कि कोई और जान्हवी का पिता बने, बोनी कपूर खुद ये भूमिका निभाना चाहेंगे।

खुशी कपूर के डेब्यू की तैयारी
अर्जुन कपूर और जान्हवी कपूर के बाद अब बोनी कपूर, खुशी कपूर के भी बॉलीवुड डेब्यू का इंतज़ार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि खुशी कपूर, करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ अपना फिल्म डेब्यू करेंगी।

दिखा चुके हैं झलक
दिलचस्प है कि बोनी कपूर अपनी एक्टिंग की एक झलक, पहले ही अनुराग कश्यप की अनोखी फिल्म AK Vs AK में दिखा चुके हैं। इस फिल्म में बोनी कपूर, अनिल कपूर के घर में इकट्ठा हुए परिवार के कुछ सीन में नज़र आते हैं।

बतौर डायरेक्टर फिल्म
एक इंटरव्यू में अपने डायरेक्शन में लौटने के बारे में बात करते हुए बोनी कपूर ने बताया कि मैं जल्दी ही डायरेक्टर के तौर पर वापसी कर सकता हूं और हो सकता है कि मेरी फिल्म में अर्जुन और जान्हवी ही लीड किरदार हों।

जान्हवी और अर्जुन का साथ
इस इंटरव्यू में बोनी कपूर ने सोचते हुए बताया कि वैसे भी बॉलीवुड में काफी समय हो गया है जब एक भाई बहन के रिश्ते पर एक अच्छी कहानी आई हो तो हो सकता है कि मैं ऐसी ही किसी कहानी के साथ वापसी करूं और उसमें अर्जुन और जान्हवी मुख्य भूमिका निभाते दिखाई दें।

बच्चों से मिली हिम्मत
गौरतलब है कि श्रीदेवी के अचानक निधन के बाद अर्जुन कपूर, बोनी कपूर और श्रीदेवी की दोनों बेटियों जान्हवी और खुशी के लिए एक मज़बूत कंधे की तरह खड़े दिखाई दिए। बोनी कपूर ने एक इंटरव्यू में इस बारे में भी बात करते हुए कहा कि श्रीदेवी के जाने के बाद वो टूट चुके थे लेकिन जिस तरह उनके चारों बच्चे एक साथ आए और परिवार को वापस एक किया उससे उन्हें काफी ज़्यादा हिम्मत और उम्मीद मिली।

बनाने वाले थे श्रीदेवी पर डॉक्यूमेंट्री
खबरें थीं कि श्रीदेवी के निधन के बाद बोनी कपूर उनकी जिंदगी पर एक डॉक्यूमेंट्री प्रोड्यूस करना चाहते थे। इसकी मदद से वो दुनिया को दिखाना चाहते थे कि श्रीदेवी कितनी अच्छी और प्रतिभाशाली शख्स थीं। इस प्रोजेक्ट को डायरेक्ट करने वाले थे शेखर कपूर जिन्होंने श्रीदेवी, अनिल कपूर और अमरीश पूरी स्टारर मि.इंडिया को 1987 में डायरेक्ट किया था।

झूठी अफवाहों से थे दुखी
बोनी कपूर श्रीदेवी के निधन के बाद झूठी अफवाहों से काफी दुखी थे और इस पर पूर्णविराम लगाना चाहते थे। ये डॉक्यूमेंट्री असल में श्रीदेवी की ज़िंदगी और सिनेमा पर प्लान की गई जिसमें उनके रेयर फुटेज और Voice Notes भी मौजूद होते। माना जा रहा था कि इस डॉक्यूमेंट्री में हर उस इंसान को दिखाया जाएगा जो श्रीदेवी के लिए मायने रखता था।

प्रोडक्शन में फिल्में
बोनी कपूर, फिलहाल अजय देवगन की मैदान प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसके अलावा वो तेलुगू फिल्म वकील साहब और तमिल फिल्म वलीमई भी प्रोड्यूस कर रहे हैं। खबरें हैं कि बोनी कपूर ने प्रेमम और कोमाली के रीमेक राइट्स भी खरीद लिए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
