ब्रिटेन में खुला बॉंड म्यूज़ियम

जेम्स बॉंड के एक प्रशंसक ने फ़िल्म से जुड़ी विशेष कारों और उपकरणों का म्यूज़ियम खोला है. ब्रिटेन के पीटर नेल्सन ने करीब 20 वर्षों के दौरान हज़ारों मील की यात्रा और हज़ारों पाउंड खर्च कर ये चीज़ें इकट्ठा की हैं.
अब उन्होंने ये सारा सामान केसविक में बॉंड म्यूज़ियम में रखा है जिसमें गोल्डन गन और एक लोटस कार शामिल है.
ये म्यूज़ियम बॉंड फ़िल्मों के प्रड्यूसर एल्बर्ट ब्रोकोली की 100वीं वर्षगाँठ पर खुल रहा है.
पीटर नेल्सन सेवानृवित्त डेंटल सर्जन हैं और उनका कहना है कि ये अपनी तरह का पहला बॉंड संग्राहलय होगा.
उनका कहना था, "मेरे पास फ़िल्म ऑक्टोपसी का ऑक्टोपस है और फ़िल्म 'द मैन फ़रॉम द गोल्डन गन' की असली सोने की बंदूक है और दो पहियों वाली स्टंट गाड़ी भी है."
वे बताते हैं, "न्यूयॉर्क के एक पुलिसकर्मी का फ़ोन मेरे पास आया, उसके कहा कि कार उसके पास है. मैने वहाँ जाकर ख़रीद ली."
म्यूज़ियम में फ़िल्म 'गोल्डन आई' में इस्तेमाल किया गया रूसी टी55 टैंक भी है. पीटर नेल्सन बॉंड से जुड़ा सामान नीलामी के दौरान इकट्ठा करते आए हैं तो कुछ चीज़ें बॉंड फ़िल्मों से जुड़े अभिनेताओं और लोगों ने ख़ुद उन्हें दी हैं.
पीटर कहते हैं कि बचपन में वे इयन फ़्लेमिंग की किताबें पढ़ते थे और वे काफ़ी प्रभावित हुए थे.
वे बताते हैं, "जेम्स बॉंड के किरदार में ग्लैमर है, हँसी है और वो तमाम चीज़ें हैं किसी कल्पना एक किशोर करता है."
पीटर नेल्सन कहते हैं कि उन्होंने इस म्यूज़ियम पर हज़ारों पाउंड खर्च किए हैं.


Click it and Unblock the Notifications











