बॉम्बे वेलवेट में कई बदलाव,15 मई की रिलीज़ से पहले हीरोइन ने छोड़ दी फिल्म!
अनुराग कश्यप की फिल्म बॉम्बे वेलवेट का दर्शकों को जितनी शिद्दत से इंतज़ार है फिल्म उतनी ही ज़्यादा खिंचती चली जा रही है। वहीं फिल्म के एक्टर्स को भी बार बार इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ा है। अनुराग कश्यप परफेक्शन के चक्कर में आए दिन स्क्रिप्ट में बदलाव करते जाते हैं जिससे कलाकार परेशान होते हैं।

पहले खबर थी कि रणबीर कपूर को फिल्म से कुछ दिक्कतें हो रही हैं और अब खबर आ रही है कि फिल्म में रवीना टंडन ने अपने किरदार को अनुकूल न पाकर फिल्म से किनारा कर लिया है।
रवीना फिल्म के कई हिस्से शूट कर चुकी थीं पर बार बार बदलाव होने के बाद उन्हें अपना किरदार कहीं जाते नहीं दिख रहा है। इसीलिए रवीना ने अनुराग को सलाह दी कि वो उनका रोल हटा दें और खुद ही फिल्म से हट गईं।
रवीना टंडन की मानें तो उनके मन में अनुराग के लिए कुछ भी बुरा नहीं है, यह फिल्म की बेहतरी के लिए है। वो अनुराग के साथ अगली फिल्म में काम कर लेंगी। गौरतलब है कि रवीना टंडन ने अनुराग कश्यप के साथ शूल फिल्म में पहले भी काम किया है।
वहीं फिल्म की रिलीज़ को लेकर उड़ रही अफवाहों के बारे में अनुराग ने ट्वीट किया कि 'बॉम्बे वेलवेट' 15 मई को प्रदर्शित होगी और इसे स्थगित नहीं किया गया है। समाचार पत्रों की सभी खबरों पर यकीन नहीं करें। जब आप फिल्म देखें तब निर्णय दें।


Click it and Unblock the Notifications