अक्षय का शाहरुख़ को बुलावा

By Staff
अक्षय का शाहरुख़ को बुलावा

दुर्गेश उपाध्याय

बीबीसी संवाददाता, मुंबई

अक्षय ने अपनी हालिया प्रदर्शित 'कम्बख़्त इश्क़' की सफलता की पार्टी पिछले हफ्ते ही दी. अब फ़िल्म कितनी हिट है और कितनी फ़्लॉप ये तो ऊपर वाला ही जाने लेकिन अक्षय ने तो इसे हिट करार दे दिया.

अक्षय की इस पार्टी में फ़िल्मी दुनिया के तमाम दिग्गज शरीक़ हुए जिनमें सलमान खान भी शामिल थे. लेकिन एक दिलचस्प बात जो सुनने में आई है वो ये कि इस पार्टी में शामिल होने के लिए अक्षय ने ख़ुद किंग खान को भी फोन करके आमंत्रित किया था लेकिन वो कहीं विदेश में शूटिंग में व्यस्त थे इसीलिए नहीं आ सके.

आम तौर पर ऐसा माना जाता है कि अक्षय और शाहरुख एक दूसरे के कड़े प्रतिद्वंदी हैं और एक दूसरे से बात तक नहीं करते. लेकिन खिलाड़ी कुमार ने ऐसी ख़बरों को धता बताते हुए शाहरुख को पार्टी में बुलाया.

अक्षय पिछले कुछ सालों से जिस तरह से हिट पर हिट देते आ रहे हैं उससे उन्होंने शाहरुख की बॉलीवुड में नंबर1 की कुर्सी हिला कर रख दी है..भई मानना पड़ेगा खिलाड़ी कुमार को कि खुशी के मौके पर दोस्त तो दोस्त दुश्मनों को भी बुलाना नहीं भूले.

सनी देओल काफी प्राइवेट किस्म के इंसान हैं. हाल ही में एक बड़े अख़बार को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह पिता के रोल के लिए तैयार हैं.

तो सनी ने बड़ी ख़ूबसूरती से टालते हुए कहा कि अगर दस बारह साल के बच्चे का पिता बनना हो तो कोई समस्या नहीं लेकिन अभी चरित्र भूमिकाएँ करने की उनकी उम्र नहीं हुई है.

बात भी सही है. सनी देओल एक ऐसे अभिनेता हैं जिन्होंने अपने को कई बार साबित किया है. 'बेताब' और 'घायल' से लेकर 'ग़दर' और फिर 'अपने' तक उन्होंने कई यादगार फिल्में की हैं, हाँ इतना ज़रुर है कि बदलते वक्त के साथ फिल्में बदलीं, लोगों की सोच बदली और सनी को अब ऐसे रोल मिलने कम हो गए जिनमें उनके शानदार अभिनय की गुंजाइश हो... लेकिन उन्होंने सही ही कहा है कि अभी ऐसे भी दिन नहीं आए की वह फिल्मों में पिता की भूमिकाएँ स्वीकारें.

राजीव खंडेलवाल एक नए रियलिटी शो के ज़रिए लोगों से फिर रुबरु होने जा रहे हैं. 'सच का सामना' नाम के इस शो में लोगों को अपनी ज़िदगी के बारे में सिर्फ और सिर्फ सच बोलना होगा.

इस शो की खास बात ये होगी कि इसमें फिलहाल कोई भी सेलिब्रेटी हिस्सा नहीं ले रहा है. इसके पीछे वजह बताई जा रही है कि इस शो में केवल सच बोलना है और आप तो जानते ही हैं कि अगर कोई सेलिब्रेटी इस शो पर आकर अपने जीवन का कोई खुलासा करेगा तो बाद में उसे मीडिया के कितने सवालों के जवाब देने पड़ेंगे.

फिलहाल तो लोगों को इंतजार है राजीव खंडेलवाल का, जो एक लंबे अर्से के बाद लोगों से रुबरु होने जा रहे हैं..

सुनील शेट्टी नई फिल्म 'रेड अलर्ट' में एक नए तरह के रोल में दिखने वाले हैं. हाल ही में मुंबई में इस फिल्म के प्रमोशन के लिए एक प्रेस कांफ्रेंस रखी गई थी.

सुनील से जब ये पूछा गया कि उन्होंने ये फिल्म क्यों की तो उनका जवाब था कि इस फिल्म का विषय ना सिर्फ गंभीर है बल्कि संवेदनशील भी है और यही वजह है कि उन्होंने इस फिल्म में काम किया.

यह फिल्म केवल खून ख़राबा और मारधाड़ को नहीं दर्शाती है बल्कि इसमें भावनाएँ हैं जो आपको उद्वेलित कर सकती हैं. सुनील अपने रोल को लेकर ख़ासे उत्साहित हैं और उनका मानना है कि इस तरह का रोल उन्होंने पहले कभी नहीं किया.

सुनील जी,आप एक बेहतर इंसान हैं ये तो हमें पता था लेकिन अब तक जिस तरह के किरदार आपने किए हैं उसमें लोगों ने आपको कुछ खास सराहा नहीं है. चलिए उम्मीद करनी चाहिए कि रेड अलर्ट के बाद आपकी अभिनय क्षमता के बारे में लोगों की राय बदलेगी.

शेखर सुमन आजकल अपना नया रियलिटी शो 'टेढ़ी बात' लेकर लोगों के सामने आ चुके हैं. शेखर ने हाल ही में कहा था कि ये शो उनके पिछले सारे टीवी शो से बिल्कुल अलग होगा.

एक लंबे अर्से के बाद शेखर टीवी पर कोई इंटरव्यू पर आधारित शो कर रहे हैं. आपको तो पता ही होगा कि अपने चर्चित शो मूवर्स एंड शेकर्स और पोल खोल के जरिए उन्होंने काफी वाह वाही बटोरी थी और इसी की बदौलत वो टेलिविजन के सबसे महंगे सितारे भी बन सके थे.

अब जबकि टेढ़ी बात के जरिए वो दर्शकों से दोबारा मुख़ातिब हैं तो ज़ाहिर सी बात है कि उनसे उम्मीदें काफ़ी ज्यादा हैं. चलिए शेखर जी,एक लंबे समय बाद आप वो करने जा रहे हैं जिसमें आपको महारत हासिल है यानि की दूसरों की टांग खींचना. टेढ़ी बात का कान्सेप्ट तो अलग जरुर है लेकिन कहीं न कहीं आप टांग खींचते ही दिख रहे हैं.

बच्चन परिवार और अमर सिंह का रिश्ता चोली दामन जैसा रहा है. जिस किसी मौक़े पर पूरा बच्चन परिवार नज़र आया है वहाँ अमर सिंह ज़रुर दिखाई दे जाते हैं.

अब ऐसे में जब आजकल अमर सिंह की तबियत ठीक नहीं है और वो सिंगापुर में अपने किडनी के ट्रांसप्लांट के लिए गए हुए हैं तो बच्चन परिवार भला ऐसे मौके पर पीछे क्यूँ रहता. पता चला है कि जया बच्चन अपनी फिल्म की शूटिंग बीच में ही छोड़कर अमर सिंह का हालचाल पूछने सिंगापुर रवाना हो गई हैं.

वो आजकल निर्देशिका रेवती की फ़िल्म 'आपके लिए हम' की शूटिंग कर रहीं थीं जिसमें उनके साथ आयशा टाकिया ,रवीना टंडन और माधवन भी काम कर रहे हैं.

इतना ही नहीं ये भी कहा जा रहा है कि बिग बी ख़ुद भी अपने सारे कार्यक्रम बीच में रोककर अपने छोटे भाई की तबियत का हाल लेने रवाना होने वाले थे लेकिन उनकी खुद की तबियत नासाज़ होने से अभी नहीं जा सके हैं.

उम्मीद की जा रही है कि तबियत के ठीक होते ही वो भी सिंगापुर जाएंगे. भई बात तो सही है,रिश्ता निभाना तो कोई बच्चन परिवार से सीखे.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X