अयोध्या फैसला स्वीकार करें : बॉलीवुड

अभिनेत्री शबाना आजमी कहती हैं कि यह सुलह का समय है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस फैसले से असंतुष्ट हैं, हमें उन्हें यह याद दिलाना होगा कि उन्होंने अदालत का निर्णय मानने का वादा किया था, फिर चाहे यह उनके पक्ष में हो अथवा नहीं। शबाना ने कहा कि वह राजनीतिक दलों से अपील करती हैं कि वे आने वाले दिनों में माहौल न बिगाड़ें।
अभिनेत्री प्रीति जिंटा कहती हैं कि वह फैसले का स्वागत करती हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में लोगों ने धैर्य, परिपक्वता और संयम दिखाया है। प्रीति कहती हैं कि बेकार के विवादों में फंसे रहने की बजाए हमें एक परिपक्व राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ना होगा।अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कहती हैं कि वह फैसले को स्वीकार करती हैं। वह कहती हैं कि सभी में ईश्वर का अंश है इसलिए मानवता से बड़ा धर्म कोई नहीं है। गायक अदनान सामी भी फैसले से खुश हैं और कहते हैं कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह फैसला राष्ट्र के हित को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
अभिनेत्री कैटरीना कैफ कहती हैं कि वह मामले की जटिलता को नहीं समझती हैं लेकिन उन्हें लगता है कि ऐसा कोई भी निर्णय जो समुदायों में क्रोध को बढ़ावा नहीं देता वह अच्छा है। वहीं अभिनेता नील नितिन मुकेश कहते हैं कि उन्हें देश की न्याय प्रणाली पर गर्व है।फिल्मकार महेश भट्ट तीनों न्यायाधीशों के फैसले को सृजनात्मक निर्णय बताते हैं। वह कहते हैं कि अदालत ने परिपक्वता दिखाते हुए यह फैसला दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़े तो हिंदूओं को मस्जिद बनाने में योगदान देना चाहिए और मुसलमानों को कार सेवा करनी चाहिए।
फिल्मकार प्रकाश झा ने फैसले को सम्मान के साथ स्वीकार करने की बात कही। बिपाशा बसु ने इसे शांतिपूर्ण फैसला बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति और धर्म संवेदनशील मुद्दे हैं और हमें मानवता व शांति पर ध्यान देना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications











