कश्मीर की ओर लौटा बॉलीवुड
दहशतगर्दी की मार झेल रहे कश्मीर से दूर चला गया बॉलीवुड फिर उसके नजदीक आ रहा है। यही वजह है कि दो दशक के लंबे अरसे के बाद फिर से कई फिल्मकार अपनी फिल्मों की शूटिंग धरती का 'स्वर्ग' कही जाने वाली इस घाटी में कर रहे हैं।
कभी 'आरजू' और 'कश्मीर की कली' जैसी यादगार फिल्मों को कश्मीर की हसीन वादियों में ही फिल्माया गया था। अब निर्देशक पीयूष झा ने अपनी नई फिल्म 'सिंकदर' की शूटिंग यहीं की है। उनकी इस फिल्म में संजय सूरी प्रमुख भूमिका में है और यह 21 अगस्त को रिलीज हो रही है।
संजय ने कहा, "मेरा मानना है कि कश्मीर में और फिल्मों की शूटिंग हो सकती है। मुझे उम्मीद है कि स्थानीय प्रशासन जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे और लोग कश्मीर में शूटिंग कर सकें। इससे यहां रोजगार और समृद्धि बढ़ेगी।"
जानेमाने फिल्म इतिहासकार गौतम कौल कहते हैं, "फिल्मकार अभी भी कश्मीर में अपनी फिल्मों की शूटिंग करना चाहते हैं लेकिन उनके दिमाग में सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा का होता है।"
पिछले दो दशकों के दौरान कश्मीर में 'मिशन कश्मीर', 'यहां', और 'शौर्य' जैसी कुछ फिल्मों की शूटिंग हुई है। अभी हाल में निर्देशक जगमोहन मूंदरा भी अपनी आगामी फिल्म 'चेस' के एक गाने की शूटिंग के लिए कश्मीर गए थे।


Click it and Unblock the Notifications











