50 साल बाद 'शोले' का असली क्लाइमेक्स आएगा सामने, थिएटर में लौट रही बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म

Sholay 4K release: बॉलीवुड की क्लासिक फिल्म 'शोले' अब नए 4K वर्जन में थिएटर में वापसी करने जा रही है। इस रिस्टोर वर्जन का नाम रखा गया है 'शोले: द फाइनल कट', जिसमें दर्शकों को फिल्म की वह ओरिजिनल एंडिंग देखने को मिलेगी, जो 1975 में फिल्म की रिलीज के समय नहीं दिखाई गई थी।
फिल्म की एंडिंग को बदलना पड़ा
फिल्म के डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने बताया कि शुरुआती रिलीज से पहले उन्हें क्लाइमेक्स बदलना पड़ा था। उस समय सेंसर बोर्ड को ओरिजिनल एंडिंग बहुत ज्यादा वायलेंट लगी थी। सिप्पी ने इंटरव्यू में याद किया कि 1975 में इमरजेंसी के दौरान क्रिएटिव एक्सप्रेशन पर कई पाबंदियां थीं। प्रेस पर सेंसरशिप थी और आलोचकों या विरोधियों को जेल में डाल दिया जाता था। ऐसे माहौल में सेंसर बोर्ड के फैसले का विरोध करना मुश्किल था। इसलिए आखिरी समय में फिल्म की एंडिंग को बदलना पड़ा।
ओरिजिनल एंडिंग में क्या था खास?
फाइनल वर्जन में गब्बर सिंह (अमजद खान) को पुलिस पकड़ लेती है और ठाकुर कानून अपने हाथ में नहीं लेते। लेकिन सलीम-जावेद के लिखे ओरिजिनल क्लाइमेक्स में ठाकुर बलदेव सिंह (संजीव कुमार) गब्बर से बदला लेने के लिए उसे स्पाइक लगे जूते से मारते हैं। इसे उस समय के हिसाब से ज्यादा हिंसक माना गया था।
'शोले' की स्टारकास्ट
फिल्म में एक्टर अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, जया बच्चन, असरानी और अमजद खान ने अहम रोल निभाए थे। इसकी कहानी, गाने और शानदार एक्टिंग इसे भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बनाते हैं।
रिस्टोर वर्जन की रिलीज
'शोले: द फाइनल कट' 12 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है। इस नए 4K वर्जन में फिल्म को उसकी ओरिजिनल एंडिंग के साथ पेश किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक अनोखा एक्सपीरिएंस मिलेगा और फिल्म की क्लासिक वैल्यू और बढ़ जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications











