अयोध्या मसले पर बॉलीवुड ने की अमन की अपील

प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर लिखते हैं, "मेरे पिता ने शिमला से फोन किया और कहा कि जानते हो मुसलमान और हिंदू में क्या समानता है? मैंने कहा कि बताइए पिता जी। तब उन्होंने कहा कि दोनों के खून का रंग एक जैसा है क्योंकि खून का कोई मजहब नहीं होता।" अभिनेत्री नेहा धूपिया ने कहा, "यह देखकर बहुत खुश हूं कि इस समय पूरा देश एकजुट है। मुझे उम्मीद है कि अयोध्या पर फैसला आने के बाद देश में किसी तरह का तनाव और साम्प्रदायिक विभाजन नहीं होगा।"
अभिनेता माधवन कहते हैं, "आज हम सबके लिए एक बड़ा दिन है। मुझे इसकी कोई परवाह नहीं कि फैसला किसके पक्ष में जाता है। मैं चाहता हूं कि अब निर्दोष लोग इस मामले की चपेट में न आएं और पूरे देश में शांति बनी रहे।" बकौल रितेश देशमुख, "अखंड भारत ही सबसे बड़ा धर्म है। मैं इसमें विश्वास करता हूं कि हम सभी को एकजुट रहना चाहिए। आज हमें दिखा देना है कि हम सभी भारतीय एक हैं।"


Click it and Unblock the Notifications











