मुंबई गैंगरेप से आहत-शर्मसार बॉलीवुड
मुंबई में एक महिला फोटो पत्रकार के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद सिनेमा उद्योग खुद को शर्मिदा महसूस कर रहा है। यह शहर कभी महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित माना जाता था। मुंबई में बंद पड़ी एक मिल में गुरुवार शाम 22 वर्षीय पत्रकार के साथ दुष्कर्म करने के मामले में एक की गिरफ्तारी हुई है। घटना में महिला को अंदरूनी चोटें आई हैं और उसे तथा उसके पुरुष सहकर्मी को जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिल्मकार करन जौहर, पूजा भट्ट, अभिनेता अनुपम खेर, मनोज वाजपेयी, लेखिका शोभा डे, गुल पनाग, गायिका श्रेया घोषाल जैसी सिनेमा जगत की हस्तियों ने ट्विटर के जरिए अपनी कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की।

करन ने कहा, "घृणास्पद' जैसे शब्द का इस्तेमाल करते हुए भी मैं असहाय महसूस कर रहा हूं जो इस समय तुच्छ हो गया है। मेरे शहर में सामूहिक दुष्कर्म, मुझे शर्मिदगी महसूस हो रही है।"
पूजा का कहना था, "मुंबई में हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बारे में सुन शर्मिदा हूं जो दिन दहाड़े हुई है। यह वह शहर नहीं है जहां मैं पली-बढ़ी हूं।"
अनुपम ने कहा, "कानून का यहां किसी को डर नहीं है। वर्षो से दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, मगर किसी आरोपी को फांसी नहीं दी जाती। राजनेता लोगों के कल्याण के लिए नहीं सिर्फ सत्ता के लिए हैं।"
शोभा ने ट्विटर पर लिखा, "ये मेरा भारत ये मेरी मुंबई। एक और सामूहिक दुष्कर्म। एक और पीड़िता।"
मनोज ने प्रतिक्रिया दी, "पिछली रात हुए सामूहिक दुष्कर्म से मुंबई शर्मसार है। हम सभी अपना सिर शर्म इस बात से झुकाते हैं कि हम महिलाओं को सुरक्षित दुनिया नहीं दे सकते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications