'शाहरुख खान जैसे गद्दारों को...' SRK के IPL फैसले पर फूटा सियासी गुस्सा, BJP नेता ने सरेआम दे डाली धमकी
Shah Rukh Khan controversy: शाहरुख खान का हाल ही में एक फैसला उन पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। उन्होंने अपनी IPL टीम के लिए बांग्लादेशी खिलाड़ी को चुना है, जिसके बाद उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा हैं। एक भाजपा नेता ने तो उन्हें गद्दार तक कह दिया है।

उत्तर प्रदेश के बीजेपी नेता संगीत सोम ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शाहरुख की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को शामिल किए जाने पर नाराजगी जताई।
संगीत सोम का शाहरुख पर हमला
अपने भाषण में संगीत सोम ने कहा कि अगर रहमान जैसे खिलाड़ी भारत में खेलने आए, तो वे एयरपोर्ट से बाहर भी नहीं निकल पाएंगे। उन्होंने शाहरुख खान को देश के साथ गद्दारी करने वाला बताते हुए कहा कि 'समझ लेना चाहिए, शाहरुख खान जैसे गद्दारों को कि जिस तरीके की गद्दारी आप देश के साथ कर रहे हैं। आज शाहरुख जिस मुकाम पर हैं, वहां तक उन्हें भारत की जनता ने ही पहुंचाया है।'
संगीत सोम ने यह भी कहा कि शाहरुख खान को जो पैसा मिलता है, वह भारत के लोगों की वजह से मिलता है, लेकिन उसी पैसे का इस्तेमाल वह देश के खिलाफ फैसले लेने में करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी पाकिस्तान को मदद देने की बातें होती हैं और कभी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदने की।
'अब देश में यह नहीं चलेगा'
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि अब इस तरह की चीजें देश में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और ऐसे लोगों के लिए यहां कोई जगह नहीं बचेगी। उनके बयान के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पहले भी हो चुका है विरोध
शाहरुख खान और KKR के खिलाफ आवाज उठाने वाले संगीत सोम अकेले नहीं हैं। इससे पहले आध्यात्मिक नेता देवकीनंदन ठाकुर भी इस मुद्दे पर नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर KKR ने उस खिलाड़ी को टीम से बाहर नहीं किया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हालांकि, इस पूरे विवाद को लेकर अब तक शाहरुख खान या कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


Click it and Unblock the Notifications











