सलमान की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहता हूं: पुलकित
बॉलीवुड के दबंग सलमान खान को अपने काम से प्रभावित करने वाले फिल्म 'बिट्टू बॉस' के एक्टर पुलकित सम्राट फिल्म के अपने किरदार के बारे में कहते हैं कि उन्हें इस फिल्म में पंजाबी लड़के बिट्टू का किरदार निभाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी।
फिल्म के प्रमोशन के दौरान पुलकित ने कहा कि फिल्म की कहानी पंजाब के एक छोटे से कस्बे के बिट्टू नाम के एक ऐसे लड़के की है, जो शादियों में वीडियोग्राफी करता है। वह अच्छा दिखता है और अपने छोटे से शहर का हीरो है। काफी लड़कियां उसकी दीवानी हैं और वह अपनी धुन में रहता है।
दिल्ली के रहने वाले पुलकित कहते हैं, पंजाबी मुंडे का रोल करने के लिए मैंने दो महीने तक कार्यशाला की, जहां मैंने पंजाबी लड़कों का मजाक करने का ढंग, उनके बोलने और उठने-बैठने का तरीका सीखा। ये सीखने के लिए मैंने पंजाबी फिल्में देखीं।
एकता कपूर के धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में लक्ष्य वीरानी का किरदार निभाने वाले पुलकित करीब पांच साल बाद कैमरे के सामने आए हैं। इस बारे में उनका कहना है, ऐसा नहीं है कि इससे पहले मेरे पास फिल्मों के प्रस्ताव नहीं आए, लेकिन उनमें से कोई ऐसा नहीं था जो मुझे अपनी तरफ आकर्षित करता।
जब मेरे पास बिट्टू बॉस का प्रस्ताव आया तो मुझे लगा कि यही वह पटकथा है जिसका मुझे इंतजार था। भगवान अगर आपको लम्बा इंतजार कराता है तो मतलब आपको बहुत कुछ अच्छा देने वाला है। सलमान खान को इस फिल्म के गाने और शुरुआती झलकियां काफी पसंद आईं। उन्होंने मेरे काम की तारीफ की। मैं चाहता हूं कि मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतर सकूं। इस फिल्म में पुलकित के साथ अमिता पाठक पर्दे पर दिखाई देंगी। बिट्टू बॉस इसी शुक्रवार को पर्दे पर रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications











