अमिताभ बच्चन को मिली धमकी
बॉलीवुड के महानायक को मोबाइल फोन पर मिले एसएमएस संदेश में उनकी हाल ही में की गई मंदिर और दरगाह की यात्रा के लिए उन्हें धमकाया गया है।
अपने ब्लॉग के जरिए नियमित रूप से लोगों से जुड़ने वाले अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग पर गुरुवार को की गई हाजी अली दरगाह और सिद्धीविनायक मंदिर की यात्रा के संबंध में लिखा है।
अमिताभ ने ब्लॉग 'बिग बी डॉट बिग अड्डा डॉट कॉम' पर लिखा, "मेरी दरगाह और मंदिर की यात्रा की एक अज्ञात तत्व ने मेरे मोबाइल पर कड़ी आलोचना की है। उसका कहना है कि मेरे लिए ऐसा करना ठीक नहीं है और मुझे दोबारा ऐसा नहीं करना चाहिए।"
यद्यपि अमिताभ इस घटना से अविचलित हैं।
उन्होंने लिखा है, "हम एक धर्मनिरपेक्ष समाज में रहते हैं जहां हमने सभी धर्मो का सम्मान करना सीखा है। यदि मंदिर या मस्जिद या दरगाह को मेरे वहां जाने पर आपत्ति नहीं है, यदि हमारा संविधान मुझे यह स्वतंत्रता देता है तो मुझे रोकने या ठीक करने वाला यह आदमी कौन है?"
अभिनेता ने कहा, "मैं दोबारा ऐसा करने जा रहा हूं और लगातार ऐसा करता रहूंगा। मैं देखना चाहता हूं कि तुम मुझे किस तरह रोकोगे। यदि तुम में हिम्मत और साहस है तो मुझे रोक लो।"
अज्ञात व्यक्ति ने अपने एसएमएस संदेश में यह भी लिखा है कि अभिनेता के ऐसा करने की वजह से उनकी हाल ही में प्रदर्शित हुई फिल्म 'अलादीन' को सफलता नहीं मिलेगी।
अमिताभ का कहना है, "यदि फिल्म अच्छी होगी तो दुनिया की कोई भी ताकत उसकी सफलता को नहीं रोक सकती। यदि फिल्म
कमजोर होगी तो दुनिया की कोई भी ताकत इसे सफल नहीं बना सकती है। मेरी प्रत्येक फिल्म की असफलता की कीमत पर मैं अपने रास्ते नहीं बदलूंगा।"


Click it and Unblock the Notifications











