एक्टर्स की फीस इतनी ज़्यादा है, फिल्म का बजट कम करना पड़ जाता है - भूषण कुमार ने साधा एक्टर्स पर निशाना
कोरोना काल के बाद से हिंदी सिनेमा बॉक्स ऑफिस पर लगातार संघर्ष कर रहा है। इस संघर्ष के बीच, भूल भुलैया 2 पहली हिंदी फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी सफलता हासिल की। अब फिल्म के प्रोड्यूसर, भूषण कुमार ने हिंदी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस गणित, उनके बजट और एक्टर्स की फीस पर खुलकर बात की।
पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में भूषण कुमार ने बताया, आजकल लोग बड़ी फिल्में देखना चाहते हैं। ऐसी फिल्में देखने के लिए उतना बड़ा बजट भी होना चाहिए। लेकिन इस समय एक्टर्स ही इतनी ज़्यादा फीस लेने लगे हैं कि फिल्म का बजट कम करना पड़ जाता है। हालांकि, इस मामले में कुछ एक्टर्स ने समझदारी दिखाई है और कार्तिक आर्यन उनमें से एक हैं।

भूषण कुमार ने आगे बताया कि उनकी फिल्मों का आउटपुट अच्छा है क्योंकि बजट का अधिकांश पैसा उन्होंने फिल्म पर लगाया, ना कि स्टार्स की फीस पर। एक्टर्स पर तंज कसते हुए भूषण कुमार ने बताया आजकल एक्टर्स एक फिल्म हिट होने के बाद ही अगली फिल्म के लिए पैसा बढ़ा देते हैं जो कि एक अच्छ प्रथा नहीं है और लंबे समय तक ये काम नहीं कर पाएगी।

क्यों हिट हुई भूल भुलैया 2
कोरोना काल के बाद रिलीज़ होने वाली पहली फिल्म थी सूर्यवंशी जिसने बॉक्स ऑफिस पर ठीक ठाक कमाई की थी। पूरी तरह से फिल्में थिएटर में फरवरी 2022 से आना शुरू हुई हैं और तब से हिंदी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर निराशा हाथ लगी।जबकि इनमें से ज़्यादातर बड़े एक्टर्स की फिल्म थी। अक्षय कुमार की दो फिल्में बच्चन पांडे और सम्राट पृथ्वीराज बुरी तरह फ्लॉप हुईं। कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 इसलिए सफल हो पाई क्योंकि फिल्म में कार्तिक की फीस का हिस्सा काफी कम था।

सबसे महंगे एक्टर अक्षय कुमार
गौरतलब है कि अक्षय कुमार इस समय बॉलीवुड के सबसे महंगे एक्टर हैं जो एक फिल्म के लिए 130 करोड़ रूपये तक चार्ज करते हैं। बच्चन पांडे साईन करते समय अक्षय कुमार की फीस 100 करोड़ थी और रिपोर्ट्स थीं कि उन्होंने फिल्म के लिए अपनी फीस थोड़ी कम करते हुए 95 करोड़ लिए हैं। लेकिन बच्चन पांडे बॉक्स ऑफिस पर केवल 50 करोड़ की कमाई कर पाई। पृथ्वीराज के लिए भी अक्षय कुमार ने 130 करोड़ की फीस ली। वहीं अपनी अगली फिल्म बड़े मियां छोटे मियां के लिए अक्षय कुमार 160 करोड़ फीस ले रहे हैं। जिससे कि फिल्म का बजट 300 करोड़ के पार पहुंच गया है। पृथ्वीराज का बजट भी इसलिए 300 करोड़ था।

क्यों हिट हो रही साउथ की फिल्में
गौरतलब है कि अगर देश के सबसे ज़्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं की लिस्ट देखी जाए तो इसमें प्रभास छोड़कर सारे हिंदी सिनेमा के अभिनेताओं के नाम हैं। यही कारण है कि आजकल दक्षिण की फिल्में बेतहाशा कमाई कर रही हैं क्योंकि इन फिल्मों का बजट, इन्हें बेहतर बनाने में खर्च हो रहा है ना कि एक्टर्स की फीस देने में।

पहले भी उठ चुका है मुद्दा
एक्टर्स की भारी भरकम फीस का मुद्दा, अनुराग कश्यप ने तब उठाया जब फोर्ब्स की दुनिया में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले एक्टर्स की लिस्ट में भारत के 5 एक्टर्स का नाम शामिल था। उन्होंने साफ साफ कहा कि बॉलीवुड में एक्टर अपनी मेहनत से कहीं ज़्यादा पैसा चार्ज करते हैं और उन्होंने सुबूत भी दिए। कोई हवा में ये बात नहीं कही। अनुराग कश्यप ने आंकड़ों की तरफ ध्यान खींचते हुए कहा कि जिन हॉलीवुड एक्टर्स का वहां नाम था उनकी कमाई बिलियन में होती है और हमारी एक फिल्म बमुश्किल 300 करोड़ कमा पाई। फिर भी अगर हमारे एक्टर वहां उस लिस्ट में शामिल हैं, इसका मतलब ज़ाहिर सी बात है कि उनकी फीस बहुत ज़्यादा है। और जब एक्टर की ही फीस इतनी होगी तो फिल्म कमाएगी कैसे।

प्रोडक्शन हाउस का भी दोष
अनुराग कश्यप ने कहा, हमारे यहां, फिल्मों की अच्छी कमाई के बावजूद वो हिट तक नहीं हो पा रही है और प्रोडक्शन हाउस को नुकसान हो रहा है। हालांकि कश्यप ने साफ कहा कि वो एक्टर को दोष नहीं देते हैं। दोष प्रोडक्शन हाउस का है जो इतनी फीस पर इन्हें साइन कर लेता। किसी को भी पैसे क्यों अखरेंगे।

एक फिल्म का बजट
हर एक्टर प्रति फिल्म कितना एवरेज देता है अगर ये निकाल लिया जाए तो उन्हें खुद भी शायद अपनी कमाई, अपने मेहनताने के हिसाब से बहुत ज़्यादा लगेगी। आजकल हर ए लिस्ट एक्टर की फीस 100 करोड़ रूपये हो गई है। यानि कि किसी भी अच्छी फिल्म का पूरा बजट! और ए लिस्ट एक्टर के साथ ऐसी फिल्म बनाने का खर्च 200 करोड़ पहुंच जाता है जिससे कि फिल्म को मुनाफा ना के बराबर होता है। इसी बात के लिए भूषण कुमार ने कार्तिक आर्यन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी फीस से ऊपर फिल्म का बजट रखा।


Click it and Unblock the Notifications











