जर्सी के फ्लॉप होने के बाद शाहिद कपूर लौटेंगे कबीर सिंह अवतार में, फिल्म का सीक्वल हुआ फाईनल
शाहिद कपूर फैन्स के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। शाहिद कपूर अपने अब तक के सबसे सफल बॉक्स ऑफिस किरदार कबीर सिंह के रूप में वापसी कर रहे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कंफर्म किया है कि कबीर सिंह एक ऐसा किरदार है जिसके बारे में काफी कुछ कहना अभी भी बाकी है।
यही कारण है कि मेकर्स ने फैसला किया है कि कबीर सिंह अब एक फ्रेंचाइज़ी होगा और फिल्म के कुछ और भाग आएंगे। कबीर सिंह 2 पर अभी से काम भी शुरू हो गया है। गौरतलब है कि कबीर सिंह के किरदार के साथ शाहिद कपूर ने खलबली मचा दी थी।

इस किरदार की जितनी आलोचना की गई उतना ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई की। क्रिटिक्स और बुद्धिजीवियों ने कबीर सिंह जैसी फिल्मों का विरोध किया जो स्क्रीन पर machoism की परिभाषा अलग तरीके से रखती हों लेकिन फिल्म ने धुंआधार कमाई की और शाहिद कपूर सहित फिल्म के डायरेक्टर ने अपनी फिल्म का पूरा बचाव भी किया।

सफलता के बावजूद मिली आलोचनाएं
बात करें उनके अभिनय की तो वो अपने करियर का लोहा पहले ही मनवा चुके हैं, हैदर जैसी फिल्म के साथ। उनके अभिनय पर कभी किसी को कोई शक नहीं रहा है। हालांकि उनके प्रोेजेक्ट्स अकसर ही गलत हो जाते रहे हैं। लेकिन कबीर सिंह के साथ शाहिद कपूर ने पहली बार अपार सफलता का स्वाद चखा। हालांकि कबीर सिंह के लिए शाहिद कपूर को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। लेकिन इन आलोचनाओं के बावजूद, शाहिद कपूर को फैन्स ने कबीर सिंह के अवतार में बहुत पसंद किया।

साल की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म
गौरतलब है कि कबीर सिंह, 2019 में सबसे ज़्यादा कमाने वाली बॉलीवुड फिल्म थी। वहीं वॉर और एवेंजर्स एंडगेम के बाद ये सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 287 करोड़ की कमाई कर सबको चौंका दिया था। इसमें काफी हाथ फिल्म से जुड़ी कंट्रोवर्सी का भी था। लेकिन दर्शकों को ये फिल्म काफी पसंद आई थी। फिल्म तेलुगू फिल्म अर्जुन रेड्डी का रीमेक थी।

रिजेक्ट की कई बड़ी फिल्में
कबीर सिंह की सफलता के बाद शाहिद कपूर को कई बड़े ऑफर आए लेकिन वो बहुत ही सोच समझकर अपने प्रोजेक्ट साईन कर रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने कई बड़ी फिल्मों के ऑफर रिजेक्ट किए। शाहिद कपूर को महाभारत पर बन रही एक बड़े बजट की पीरियड फिल्म में कर्ण की मुख्य भूमिका ऑफर की गई। लेकिन शाहिद ने इस रोल को काफी सोच विचार करने के बाद रिजेक्ट कर दिया। इससे पहले, शाहिद की पीरियड फिल्म थी पद्मावत, जिसमें शाहिद को उनके किरदार के लिए ज़्यादा सराहा नहीं गया। वहीं शाहिद कपूर ने करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए योद्धा नाम की एक्शन फिल्म साइन करने के बाद छोड़ दी। इस फिल्म में शाहिद कपूर को सिद्धार्थ मल्होत्रा ने रिप्लेस किया।

कबीर सिंह से ही बने बॉक्स ऑफिस स्टार
शाहिद कपूर ने 2018 में पद्मावत के साथ अपना 100 करोड़ क्लब डेब्यू किया था। लेकिन 2019 साल कबीर सिंह उनकी पहली सोलो सुपरहिट फिल्म बनी। कबीर सिंह शाहिद कपूर के करियर की पहली ब्लॉकबस्टर है। और इकलौती ब्लॉकबस्टर। हालांकि इससे पहले उनके हिस्से में विवाह और जब वी मेट जैसी बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्में आ चुकी हैं।

जर्सी ने चटा दी धूल
कबीर सिंह की तरह ही शाहिद कपूर की हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म जर्सी भी एक तेलुगू फिल्म का रीमेक थी। लेकिन इस बार शाहिद कपूर का जादू नहीं चला और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। इसी के साथ शाहिद कपूर का मार्केट एक बार फिर से नीचे आ चुका है और उन्हें अपने करियर में वापस कबीर सिंह की ही ज़रूरत थी।

शाहिद कपूर का डिजिटल डेब्यू
अच्छे फिल्म प्रोजेक्ट्स के बीच, शाहिद कपूर अपने डिजिटल डेब्यू की तैयारी कर रहे हैं। वो राज एंड डीके की एक थ्रिलर वेब सीरीज़ पर काम शुरू कर चुके हैं जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। इस सीरीज़ में शाहिद कपूर के साथ साउथ सुपरस्टार विजय सेतुपति भी दिखाई देंगे। इसके अलावा, शाहिद कपूर के पास सुजॉय घोष की एक थ्रिलर फिल्म, अली अब्बास ज़फर की एक एक्शन फिल्म और राजकुमार गुप्ता की एक सस्पेंस थ्रिलर के भी ऑफर हैं।


Click it and Unblock the Notifications











