मैं भूपेन हजारिका की पत्नी हूं: कल्पना लाजमी
भूपेन हजारिका और कल्पना लाजमी एक विज्ञापन की शूटिंग के बाद विवादों में घिर गए हैं। स्थानीय मीडिया में कुछ तस्वीरें प्रकाशित हुई हैं जिनमें 85 वर्षीय बीमार हजारिका को ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए कुर्सी पर ले जाते हुए दिखाया गया है।
हजारिका के छोटे भाई नृपेन ने कहा, "भूपेन हजारिका एक व्यावसायिक वस्तु बन गए हैं और जब हमने टीवी और समाचार पत्रों में अपने भाई को छह लोगों की सहायता से कुर्सी पर बिठाकर ले जाते देखा तो हमें बहुत ज्यादा दुख हुआ।"
दादा साहेब फाल्के पुरस्कार विजेता हजारिका सोमवार को एक स्थानीय सीमेंट ब्रांड के लिए विज्ञापन की शूटिंग कर रहे थे। पिछले साल हजारिका के हृदय की शल्य चिकित्सा हुई थी। मीडिया में जारी हुए दृश्यों में वह बेहद कमजोर दिखाई दे रहे थे। गुवाहाटी के चंद्रपुर में ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे करीब तीन घंटे तक इस विज्ञापन की शूटिंग चली थी।
चंद्रपुर क्षेत्र के सामुदायिक नेता द्विजेन कालिता कहते हैं, "हम उनके उत्साही प्रशंसकों और शुभचिंतकों के तौर पर शूटिंग स्थल पर उनका आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे थे लेकिन वहां मौजूद कल्पना लाजमी और शूटिंग दल के अन्य सदस्यों ने हमें खदेड़ दिया।" हजारिका के आने की खबर सुनने के बाद शूटिंग स्थल पर कालिता और करीब 300 स्थानीय लोग एकत्रित हो गए थे।
नाराज कालिता ने कहा, "जब हमने कल्पना लाजमी को हम पर चिल्लाते देखा तो हम हतप्रभ रह गए। वह हमें वहां से चले जाने के लिए कह रही थीं और हमारे लिए बेवकूफ जैसे शब्द इस्तेमाल कर रही थीं। उन्होंने (लाजमी) दो बार कहा था कि वह हजारिका की पत्नी हैं।" हजारिका और लाजमी पिछले करीब चार दशकों से साथ रह रहे हैं हालांकि उन्होंने अब तक अपने विवाह की औपचारिक पुष्टि नहीं की है।
नृपेन कहते हैं, "मैंने केवल समाचार पत्रों और टीवी पर सुना कि कल्पना लाजमी मेरे भाई की पत्नी हैं। वैसे मैं उनका छोटा भाई हूं लेकिन मुझे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि दोनों ने औपचारिक तौर पर विवाह किया है।" स्थानीय मीडिया में छाए इस विवाद पर अब तक हजारिका या लाजमी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।


Click it and Unblock the Notifications












