Bhumika Chawla थीं बाजीराव मस्तानी के लिए भंसाली की पहली पसंद, स्क्रीन टेस्ट में साड़ी में लग गई थी आग!

Bhumika Chawla replaced in Bajirao Mastani: संजय लीला भंसाली की बाजीराव मस्तानी में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने सभी का दिल जीत लिया था। फिल्म 2015 में आई थी, लेकिन भंसाली सालों पहले से ही फिल्म को बनाने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में फिल्म के स्टारकास्ट को लेकर भी कई बदलाव देखे गए।
ये तो सभी जानते हैं कि संजय लीला भंसाली बाजीराव मस्तानी को सलमान खान, ऐश्वर्या राय और रानी मुखर्जी के साथ बनाना चाहते थे, जो कि संभव नहीं हो पाया। लेकिन हाल ही में ये खुलासा हुआ कि उन्होंने 'तेरे नाम' एक्ट्रेस भूमिका चावला को भी मस्तानी का रोल ऑफर किया था।
स्क्रीन टेस्ट के दौरान साड़ी में लग गई थी आग
एक इंटरव्यू के दौरान भूमिका चावला ने बताया, "ये बहुत साल पहले की बात है, तेरे नाम के तुरंत बाद मेरा बाजीराव मस्तानी के लिए स्क्रीन टेस्ट हुआ था। मैंने भंसाली सर के साथ उन्हीं के अंदाज में फोटोशूट कराया था। मेरी साड़ी पर घी और तेल गिरने से मेरी साड़ी में आग लग गई। मैंने दीयों को हाथ में पकड़ा हुआ था और एक दीया गिर गया। उस वक्त मैंने सिल्क की साड़ी पहन रखी थी। मुझे याद है कि क्या हुआ था।"
कई फिल्मों में हुई थीं रिप्लेस
इसी इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने आगे रिवील किया कि उन्हें जब वी मेट और मुन्नाभाई एमबीबीएस जैसी फिल्मों से भी रिप्लेस कर दिया गया था। उन्होंने कहा, "जब वी मेट के लिए मुझे साइन किया गया था। बॉबी (देओल) और मैं इसमें अभिनय करने वाले थे। उस समय फिल्म का नाम 'ट्रेन' था। लेकिन फिर प्रोडक्शन बदल गया और अष्टविनायक ने निर्माण संभाल लिया। फिर शाहिद (कपूर) और मुझे कास्ट किया गया, फिर शाहिद और आयशा (टाकिया), और फिर शाहिद और करीना (कपूर खान)।"
गौरतलब है कि, हाल ही में भूमिका चावला के फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में देखा गया है, जिसमें उन्होंने पूजा हेगड़े की भाभी और वेंकटेश दग्गुबाती की पत्नी की भूमिका निभाई है। फिल्म में सलमान खान ने मुख्य किरदार निभाया है।


Click it and Unblock the Notifications











