'भूत पुलिस' ट्रेलर रिलीज- भूतों से पंगा लेते दिख रहे हैं सैफ अली खान, जैकलीन, अर्जुन कपूर और यामी गौतम
सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, जैकलीन फर्नांडीज और यामी गौतम स्टारर हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत पुलिस का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 17 सितंबर को रिलीज होने वाली है। पवन कृपलानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सैफ और अर्जुन चुड़ैल, पिशाच, डायन और काला साया से निपटते नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण रमेश तौरानी और आकाश पुरी ने किया है।
फ़िल्म की कहानी भूतों को पकड़ने वाले भाइयों विभूति और चिरौंजी के इर्द-गिर्द घूमती है। यह किरदार सैफ़ अली ख़ान और अर्जुन कपूर निभा रहे हैं। यामी गौतम के किरदार का नाम माया और जैकलीन फर्नांडीस के किरदार का नाम कनिका है, जो भूत के चंगुल में फंसी नजर आ रही हैं।

फिल्म को बड़े पैमाने पर धर्मशाला, डलहौजी और पालमपुर में शूट किया गया है। भूत- पुलिस एक हॉरर- कॉमेडी, मसाले से भरपूर फिल्म है। पवन कृपलानी ने इससे पहले राधिका आप्टे स्टारर साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'फोबिया' और चर्चित रही हॉरर फिल्म 'रागिनी एमएमएस' का निर्देशन किया है।
बता दें, इस फिल्म में पहले सैफ अली खान के साथ फातिमा सना शेख और अली फज़ल को फाइनल किया गया था। आधिकारिक घोषणा भी हो चुकी थी। लेकिन फिर फिल्म का बैनर बदल गया- फॉक्स स्टार की बजाए इसे टिप्स प्रोड्यूस कर रही है। बैनर बदलते ही इसकी स्टारकास्ट भी बदल दी गई.. और एंट्री हुई अर्जुन, जैकलीन और यामी की।


Click it and Unblock the Notifications











