भूलभुलैया से नाराज अमीषा
टी सीरिज की प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म भूलभुलैया में अक्षय कुमार, शायनी आहुजा, विद्या बालन, मनोज जोशी, राजपाल यादव और अमीषा पटेल आदि हैं. लेकिन अमीषा इस फिल्म के प्रचार को लेकर बहुत नाराज हैं क्योंकि फिल्म के प्रचार प्रोमो से उसे दूर रखा गया है और उसकी बजाय विद्या बालन को जरुरत से ज्यादा महत्व दिया गया है.
यही वजह है कि जब भूलभुलैया की पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया तो अमीषा ने इसमें हिस्सा ही नहीं लिया, इससे फिल्म के निर्माता व निर्देशक को अमीषा की अनुपस्थिति से बेहद अपमान का अनुभव हुआ. वार्ता में फिल्म के अन्य कलाकार शायनी आहुजा, विद्या बालन, मनोज जोशी और राजपाल यादव शामिल हुए. अक्षय कुमार भी इसमें शामिल नहीं हो पाये लेकिन उन्होंने इसकी सूचना प्रोडक्शन को पहले ही दे दी थी कि वे शहर से बाहर शूटिंग में जा रहे हैं और वार्ता में हिस्सा नहीं ले पायेंगे लेकिन अमीषा ने कोई सूचना देने की जरुरत ही महसूस नहीं की.
भूलभुलैया के सूत्रों के अनुसार फिल्म के प्रचार का प्रोमो फिल्म की कथावस्तु के हिसाब से बनाया गया है जिसमें विद्या बालन को दिखाना जरुरी था, इसलिए अमीषा को नाराज होने की जरुरत ही नहीं थी. उसके इस बेरुखे व्यवहार से निर्माता को बेहद अफसोस हो रहा है. लेकिन दूसरी तरफ अमीषा इस मामले में अब बहाना बना रही है कि उस दिन एक विज्ञापन की शूटिंग थी, जिस वजह से वह भूलभुलैया की पत्रकार वार्ता में हिस्सा नहीं ले पाई.


Click it and Unblock the Notifications