मनोज कुमार के लिए फिल्म बनाएंगे मधुर
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर का कहना है कि वह गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित एक यथार्थवादी फिल्म बनाना चाहते हैं। भंडारकर यह फिल्म वरिष्ठ अभिनेता और निर्माता निर्देशक मनोज कुमार से किए एक वादे को पूरा करने के लिए बनाएंगे।
भंडारकर ने बताया, "वह हमेशा मुझसे कहते हैं कि मैं गांवों पर आधारित एक यथार्थवादी फिल्म बनाऊं। वह चाहते हैं कि मैं इसे अपनी तरह से बनाऊं। मैंने उनसे वादा किया है कि अगर कोई रोचक कहानी हाथ लगी तो मैं जरूर ऐसी एक फिल्म बनाऊंगा।"
मनोज कुमार भंडारकर की फिल्मों के प्रशंसक हैं और हाल के दिनों में उन्होंने कई साक्षात्कारों में भंडारकर की तारीफ की है।
भंडारकर ने इस संबंध में कहा, "मेरे लिए यह बहुत सम्मान की बात है कि मनोज कुमार जैसा वरिष्ठ और सम्मानित व्यक्ति मेरे काम की सराहना कर रहे हैं। मैं खुद उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मुझे याद है कि मैं बचपन में कैसे उनकी फिल्म 'रोटी कपड़ा और मकान' देखने अकेले थिएटर में जाता था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











