लद्धाख फिल्म महोत्सव में 'भाग मिल्खा भाग'
अगले माह जम्मू एवं कश्मीर के लेह में होने वाले लद्दाख अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एलआईएफएफ) के दूसरे संस्करण के ग्रीन कार्पेट प्रीमियर में 'भाग मिल्खा भाग' और वृत्तचित्र फिल्म 'द फ्रंटियर गांधी: बादशाह खान, ए टॉर्च फॉर पीस' दिखाई जाएंगी। एलआईएफएफ के संस्थापक विलियम्स चिरायथ ने एक बयान में कहा, "हम इस वर्ष एलआईएफएफ के ग्रीन कार्पेट के लिए टेरी मैकलुहान ('द फ्रंटियर गांधी') और राकेश ओमप्रकाश मेहरा ('भाग मिल्खा भाग') सरीखे विख्यात फिल्मकारों को पाकर प्रसन्न हैं।"

जहां 'भाग मिल्खा भाग' सर्वश्रेष्ठ धावक मिल्खा की जीवनी पर बनी है। वहीं, 'द फ्रंटियर गांधी' नामी स्वतंत्रता सेनानी खान अब्दुल गफ्फार खान उर्फ बादशाह खान की कहानी कहती है। महोत्सव 13 से 15 सितंबर तक आयोजित होगा।
महोत्सव में आकर्षण का अन्य केंद्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी विशाल भारद्वाज का बनाया अनुभवी लेखक-फिल्मकार गुलजार पर बना पुनरावलोकन (रेट्रोस्पेक्ट) होगा। एलआईएफएफ 2013 में दिवंगत फिल्म हस्ती यश चोपड़ा, प्राण और ऋतुपर्णो घोष को विशेष श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
फिल्मों से जुड़ी महिला हस्तियां 'द रोल ऑफ वुमन इन सिनेमा-ऑन एंड ऑफ स्क्रीन, रोड अहेड' विषय पर परिचर्चा में भी हिस्सा लेंगी।परिचर्चा की कुछ प्रतिभागियों में टेरी मैकलुहान, अपर्णा सेन, मेघना गुलजार, रेखा भारद्वाज, हन्नाह फिशर और दीप्ति नवल जैसे नाम शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications