रामू अनंतपुर में नहीं देखेंगे 'रक्त चरित्र'
वर्मा अपनी इस नई फिल्म को अनंतपुर के एक थियेटर में देखने की योजना बना रहे थे। यह फिल्म अनंतपुर के दो परिवारों के बीच गुटबंधी की लड़ाई पर आधारित है। ऐसे में इस शहर के बाशिदों और दोनों परिवारों के समर्थकों को फिल्म का इंतजार है कि उनके नेताओं को फिल्म में हीरो के रूप में दिखाया गया है या खलनायक के रूप में।
तेलुगू, हिंदी और तमिल भाषाओं में बनी यह फिल्म राजनेताओं पारिताला रवि और सूर्यनारायण रेड्डी उर्फ मेडीलाचेरवू सूरी के बीच टकराव की कहानी है। अभिनेता विवेक ओबेरॉय, सूर्या और शत्रुघ्न सिन्हा ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। रवि पूर्व मंत्री और राज्य में मुख्य विपक्षी दल तेदेपा के नेता थे। वर्ष 2005 में कथित तौर पर कांग्रेस नेता सूरी के समर्थकों ने उनकी हत्या कर दी थी। सूरी हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में हुए बम विस्फोट के मामले में अभी जेल में हैं।
दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच किसी तरह का संघर्ष न हो इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अनंतपुर जिले के थियेटरों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। भाजपा के कुछ छात्र समूह और कुछ स्वयं सेवी संगठन भी इस फिल्म के प्रदर्शन का विरोध कर रहे हैं। अनंतपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कानून-व्यवस्था को कायम रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रवि की पत्नी व तेदेपा विधायक पारिताला सुनिता इस बात से नाखुश हैं कि वर्मा ने प्रदर्शन से पहले फिल्म उन्हें नहीं दिखाई जबकि शूटिंग के दौरान उन्होंने इसका वादा किया था। वर्मा ने फिल्म निर्माण से पहले सुनीता से मुलाकात की थी और वह जेल में सूरी से भी मिलने गए थे। वह फिल्म की शूटिंग के लिए कई बार अनंतपुर गए थे।


Click it and Unblock the Notifications












