शानदार कॉफी केमिस्ट्री दिखाने के बाद सारा अली खान - जान्हवी कपूर का पहला प्रोजेक्ट, शेयर किया First Look
सारा अली खान और जान्हवी कपूर बेस्ट फ्रेंड्स हैं। बिल्कुल जिगरी यार और इस बात का खुलासा हुआ कॉफी विद करण पर जहां दोनों की केमिस्ट्री फैन्स का दिल जीत ले गई। अब कॉफी केमिस्ट्री से दिल जीतने के बाद आखिरकार, सारा अली खान और जान्हवी कपूर ने अपना पहला प्रोजेक्ट साइन कर लिया है।
सारा और जान्हवी, दोनों ने ही अपने इंस्टाग्राम पर शूट के पहले दिन की तस्वीर भी शेयर की जहां दोनों ही एक्टर्स शानदार नज़र आ रही हैं। हालांकि, ये प्रोजेक्ट कोई फिल्म है या फिर बस कोई एड फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।

गौरतलब है कि सारा अली खान और जान्हवी कपूर वाकई सच्ची दोस्त हैं इस बात का पूरा सुबूत, कॉफी विद करण सीज़न 7 के एक ही एपिसोड पर मिल गया था। इस एपिसोड में सारा और जान्हवी, दोनों के ही पास एक दूसरे के बारे में बताने के लिए ढेर सारे किस्से थे। आपको एक बार फिर से उनकी दोस्ती की एक झलक दिखा देते हैं।

भाईयों को कर रही थीं डेट
बॉलीवुड में अक्सर कहा जाता है कि दो हीरोइनें दोस्त नहीं हो सकतीं लेकिन सारा अली खान और जान्हवी कपूर की केमिस्ट्री शानदार है। हालांकि, ऐसा पहले नहीं था। सारा अली खान और जान्हवी दोनों ने ही एक समय पर दो भाईयों को डेट किया था। जान्हवी जहां शिखर पहारिया को डेट कर रही थीं वहीं सारा अली खान वीर पहारिया को डेट कर रही थीं। उस दौरान, दोनों एक दूसरे को जानती थीं लेकिन दोस्त नहीं थीं।

सालों से जानते थे पर कोरोना ने मिलवाया
सारा और जान्हवी का कहना है कि वैसे तो वो दोनों कई सालों से एक दूसरे को जानते हैं और कई पार्टियों में भी अक्सर मिलते रहते हैं लेकिन दोनों के बीच कभी ऐसी दोस्ती नहीं थी। लेकिन दोनों कोरोना के दौरान करीब आए क्योंकि इस दौरान, दोनों को एक दूसरे के साथ वक्त बिताने का मौका मिला और साथ ही दोनों क्या महसूस कर रहे थे ये भी बांटने का मौका मिला। सारा का कहना था कि मैं उस दौरान परेशान थी, मुझे लग रहा था ये मेरे करियर बनाने का समय है और मेरे हाथ से ये समय जा रहा है। अभी तो मैं केवल 24 की थी और देखते ही देखते में 26 साल की हो गई। मेरे दोस्त हैं लेकिन वो ये परेशानी समझ नहीं पा रहे थे जो जान्हवी ने समझी।

बन गए पड़ोसी
एक ट्रिप के दौरान दोनों गोवा में पड़ोसी बन गए। दोनों ने साथ में वर्कआउट करना शुरू किया। जान्हवी ने बताया कि हम रात भर बात करने लगे और कनेक्ट कर गए। जान्हवी का कहना था हमने शाम सात बजे से लेकर सुबह आठ बजे तक लगातार बातें कीं। दूसरे दिन भी ऐसा ही हुआ और हम इस दौरान काफी करीब आ गए। हम दोनों में ही ढेर सारी समानताएं थीं और हम एक दूसरे को काफी अच्छे से समझ पाए।

केदारनाथ में पक्का हो गया रिश्ता
सारा और जान्हवी ने लॉकडाउन के बाद कुछ ट्रिप साथ कीं और इसी दौरान उनकी दोस्ती हो गई। दोनों ही धार्मिक हैं और दोनों को ही मंदिरों के दर्शन करना काफी पसंद है। जान्हवी को केदारनाथ के दर्शन करने थे और उन्हें लगा कि सारा से बेहतर केदारनाथ के दर्शन कोई नहीं करा सकता क्योंकि सारा ने यहीं रह कर ये अपनी पहली फिल्म की शूटिंग की थी। सारा इस बात से काफी खुश हुईं कि जान्हवी ने उन्हें चुना।

दोनों को पसंद हैं विजय
दिलचस्प है कि सारा अली खान और जान्हवी कपूर दोनों का ही क्रश हैं लाईगर एक्टर विजय देवराकोंडा। जान्हवी कपूर ने जहां कुछ सालों पहले करण जौहर को बताया था कि उन्हें विजय बहुत पसंद हैं वहीं सारा अली खान ने हाल ही में ये खुलासा किया था कि वो विजय को डेट करना चाहेंगी। हालांकि, रिपोर्ट्स की मानें तो विजय देवराकोंडा, रश्मिका मंदाना को डेट कर रहे हैं।

अब दिखेगी केमिस्ट्री
सारा अली खान और जान्हवी कपूर दोनों ही शानदार एक्टर्स हैं। जहां दोनों की दोस्ती ऑफ स्क्रीन लोगों को काफी पसंद आई है वहीं अब दर्शक दोनों को एक साथ परदे पर देखने का इंतज़ार कर रहे हैं। उम्मीद है कि दोनों का ये प्रोजेक्ट कोई फिल्म ही निकले और एड नहीं।


Click it and Unblock the Notifications











