नाराज़ शाहरुख अब नहीं देखेंगे कोई मैच
शाहरुख की क्रिकेट स्टेडियमों में लगातार मौजूदगी पर बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन पर अपनी फिल्म 'ओम शांति ओम" के प्रचार के लिए क्रिकेट मैचों को प्लेटफार्म के रूप में उपयोग करने का आरोप लगाया है.
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका में आयोजित ट्वेंटी-20 वल्र्ड कप के फाइनल मैच में उपस्थित रहने वाले शाहरुख भारतीय टीम के मैच जीतने के बाद खिलाड़ियों को बधाई देने मैदान में पहुंच गए थे. इसके अलावा भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच मुंबई में खेले गए ट्वेंटी-20 मुकाबले में भी किंग खान मौजूद थे.
शाहरुख द्वारा जयपुर में भारत व पाकिस्तान के बीच खेले गए अंतिम वनडे में एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू को बोर्ड की नाराजगी का मुख्य कारण माना जा रहा है. इस इंटरव्यू में शाहरुख ने अपनी नई फिल्म के बारे में भी खुलकर चर्चा की थी.
बोर्ड सचिव निरंजन शाह ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. पिछले दिनों मीडिया में शाहरुख द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की किसी टीम की फ्रेंचाइजी खरीदने की चर्चा को भी बोर्ड ने कोरी अफवाह करार दिया है.
बीसीसीआई ने क्रिकेट स्टेडियमों में शाहरुख खान की उपस्थिति पर आपत्ति उठाई है. बोर्ड ने कहा, वे मैच देखने से ज्यादा फिल्मों के प्रमोशन में दिलचस्पी ले रहे हैं. बीसीसीआई के इस रुख पर कड़ी नाराजगी जताते हुए शाहरुख ने कहा, मुझे पब्लिसिटी की कोई जरूरत नहीं है. मैं सिर्फ अपने बेटे के लिए मैच देखने जाता हूं, लेकिन आज के बाद कभी भी क्रिकेट मैच देखने नहीं जाऊंगा."


Click it and Unblock the Notifications