संजीव-जया की 'कोशिश' से बनी रणबीर-प्रियंका की 'बर्फी'
पुरानी फिल्मों का रीमेक बनाने का चलन इस साल बॉलीवुड में जोर शोर से चल रहा है। इसी लिस्ट में शामिल है रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा की 'बर्फी'। बर्फी के फर्स्ट लुक को देखकर संजीव कुमार और जया भादुड़ी की 1977 में रिलीज हुई फिल्म कोशिश की यादें ताजा हो गई है।
बर्फी फिल्म में रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा ने एक मूक-बधिर की भूमिका निभाई है। दोनों ना तो बोल सकते हैं और ना ही सुन सकते हैं। गुलजार की फिल्म कोशिश जो कि 1977 में रिलीज हुई थी उसमें भी दोनों मुख्य किरदार संजीव कुमार और जया भादुड़ी मूक-बधिर थे। अपनी इस कमी के बावजूद दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और शादी भी। फिल्म में बोल और सुन ना पाने की कमी के बावजूद संजीव कुमार और जया का किरदार बहुत ही खूबसूरती से जिंदगी को बिताता है। दोनों के किरदार को देखते हुए एक पल के लिए भी उनकी शारीरिक कमी का एहसास नहीं होता। कॉमेडी, रोमांस सबकुछ समेटे हुए इस फिल्म ने काफी प्रशंसा पाई।
सितम्बर माह में रिलीज होने के लिए तैयार अनुराग बासु की फिल्म बर्फी में भी दोनों किरदारों ने कुछ ऐसी ही जिंदगी को परदे पर उतारा है। रणबीर कपूर ने अपनी फिल्म के बारे में बताते हुए कहा "फिल्म को शारीरिक विकलांगता से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। ये फिल्म विकार पर आधारित नहीं है। ये सिर्फ एक इत्तिफाक है कि फिल्म के दोनों किरदार मूक-बधिर हैं। ये फिल्म जिंदगी को खूबसूरत तरीके से जीने, खुशियां बांटने, प्यार महसूस करने पर आधारित है। ये एक प्रेम कहानी है।"
प्रियंका ने भी रणबीर की बात से पूरी तरह सहमत होते हुए कहा "जब हम दूसरे लोगों से मिलते हैं जो हमसे अलग होते हैं तो हम सोचते हैं कि उनकी जिंदगी बहुत ही दुखभरी है और उनके लिए बहुत दुखी फील करते हैं। लेकिन बर्फी फिल्म इस बारे में नहीं है। ऐसे लोग भी हंसते हैं, प्यार करते हैं और जिंदगी के मज़े लेते हैं। इसलिए ये फिल्म विकलांगिता पर आधारित नहीं है।"
इन दोनों फिल्मों में और क्या क्या समानताएं हैं ये तो फिल्म के रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा लेकिन फिल्हाल रणबीर कपूर और प्रियंका की बातों को सुनकर तो यही लगता है कि दोनों फिल्मों में काफी कुछ एक जैसा है। बस निर्देशक अनुराग बासु ने कुछ नये मसालों से जैसे रणबीर-प्रियंका के किंसिंग सीन, हॉलीवुड अभिनेत्री लीना डी क्रूज से सजाकर इस बर्फी को परोसने की तैयारी की है।


Click it and Unblock the Notifications