बॉलीवुड के इस डायरेक्टर के साथ बाहुबली प्रभास ने साइन की फिल्म, जल्द हो सकता है ऐलान

फिल्म 'पठान' के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद और 'बाहुबली' स्टार प्रभास जल्द ही एक फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। इन दिनों प्रभास अपनी फिल्म 'आदिपुरुष' को लेकर सुर्खियों में छाये हुए हैं और सिद्धार्थ आनंद भी शाहरुख खान स्टारर 'पठान' को लेकर व्यस्त हैं। एक लोकप्रिय दक्षिण भारतीय चैट शो के दौरान प्रोड्यूसर नवीन यर्नेनी ने प्रभास स्टारर फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद के करने की खबरों पर मुहर लगायी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिद्धार्थ आनंद प्रभास के साथ यह फिल्म दीपिका पादुकोण और ऋतिक रोशन स्टारर फिल्म 'फाइटर' के तुरंत बाद शुरू करने वाले हैं।
दो बड़े प्रोजेक्ट्स पर कर रहे हैं काम :
इस चैट शो के दौरान प्रोड्यूसर नवीन यर्नेनी ने बताया कि सलमान खान के साथ उनका प्रोडक्शन हाउस प्राथमिक तौर पर एक ऑफर को लेकर बातचीत फाइनल कर चुका है। लेकिन अभी इस प्रोजेक्ट में स्क्रिप्ट पर काम करना बाकी है। वहीं प्रभास के साथ जिस फिल्म को लेकर बात की गयी है, उसका स्क्रिप्ट फाइनल हो चुका है। उन्होंने बताया, "इस फिल्म के डायरेक्शन के लिए हमने बॉलीवुड से सिद्धार्थ आनंद को चुना है। इस फिल्म की शूटिंग देश के अलावा विदेशों के कई आकर्षक लोकेशंस पर भी होगी।" बता दें, फिल्म प्रोड्यूसर नवीन यर्नेनी का प्रोडक्शन हाउस ही अल्लु अर्जुन स्टारर फिल्म 'पुष्पा 2 : द रुल' को बना रहा है।
दोनों अभी कई प्रोजेक्ट्स में हैं व्यस्त :
अगर वर्कफ्रंट की बात की जाए तो प्रभास अभी निर्देशक प्रशांत नील की फिल्म 'सालार' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह दीपिका पादुकोण के साथ डायरेक्टर नाग अश्विन की फिल्म 'प्रोजेक्ट के' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। वहीं सिद्धार्थ आनंद अभी शाहरुख खान की कमबैक मूवी 'पठान' के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद वह ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण स्टारर 'फाइटर' की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। इस बीच प्रभास फिल्म 'आदिपुरुष' में कृति सेनन और सैफ अली खान के साथ नजर आने वाले हैं। सिद्धार्थ आनंद और प्रभास की फिल्म को मूल रूप से हिंदी और तेलुगु भाषाओं में बनाने की योजना है। इस फिल्म को तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी डब किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications













