B Praak मग्न होकर गा रहे थे भजन, भर-भराकर गिरा पूरा का पूरा मंच, एक की हुई मौत तो दुखी होकर सिंगर बोले...

B Praak On Kalkaji Accident: दिल्ली के कालकाजी मंदिर में एक धार्मिक समारोह के दौरान शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक मंच गिरने से दुखद घटना घट गई। दुख की बात यह है कि इस घटना में एक महिला की जान चली गई और 17 अन्य घायल हो गए।
इस घटना को लेकर अपडेट सामने आया है कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जिस कार्यक्रम में यह दुर्घटना हुई, उसमें गायक बी प्राक का परफॉर्मेंस भी था। इस पर अब सिंगर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
एक वीडियो में उन्होंने कहा, "बहुत ही दुख हुआ, बहुत ही मायूस हूं मैं। क्योंकि पहली बार ऐसा देखा। जिनको भी चोटें आई हैं, मैं उम्मीद करता हूं के वो सब ठीक हों। मैनेजमेंट ने वहां लोगो को बहुत समझाया भी कि आप पीछे हो जाएं, पर ये आप सब लोगों का मां के लिए प्यार है, मेरे लिए प्यार है।
बी प्राक ने आगे कहा- 'हमने आगे से ध्यान रखना है - 'बच्चों का, बुज़ुर्गों का, सभी लोगों का। क्योंकि जान से बढ़कर कुछ भी नहीं है इस दुनिया में और ना ही कुछ हो सकता है। बहुत दुखी मन है मेरा आज। ऐसा कभी होना नहीं चाहिए था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब मुख्य मंच के पास लकड़ी और लोहे के फ्रेम से बना एक ऊंचा मंच गिर गया। इस मंच का उद्देश्य कालकाजी मंदिर के महंत परिसर में 'माता जागरण' के दौरान आयोजकों और वीआईपी के परिवारों को बैठाना था।
ट्विटर पर एक यूजर ने घटना के बारे में अपडेट लिखते हुए बताया- 'लगभग 12.30 बजे, ऊंचा मंच नीचे की ओर झुक गया क्योंकि यह इस मंच पर बैठे/खड़े लोगों का वजन सहन नहीं कर सका। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल और मैक्स में भर्ती कराया गया। लगभग 45 साल की एक महिला को मैक्स अस्पताल में मृत लाया गया था, जिसकी अभी भी पहचान नहीं हो पाई है।'


Click it and Unblock the Notifications