आयुष्मान खुराना स्टारर सोशल- पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म 'अनेक' थियेटर्स में देगी दस्तक, रिलीज डेट की घोषणा
एक साल में तीन से चार फिल्में दे देने वाले अभिनेता आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी आयुष्मान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अनेक' के रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। यह एक सोशल- पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म होगी, जो 31 मार्च 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
फिल्म को भूषण कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म के रिलीज डेट की घोषणा करते हुए आयुष्मान ने लिखा- "एक ऐसे किरदार के लिए अनुभव सिन्हा के साथ फिर से जुड़कर रोमांचित हूं, जिसने मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकाल दिया और भूषण कुमार सपोर्ट सिस्टम के रूप में रहे। अनेक सिनेमा की एक अलग भाषा की शुरुआत करेगी। इस सामाजिक-राजनीतिक थ्रिलर के लिए तारीख नोट करें: 31.03.2022.. "

इस फिल्म में आयुष्मान काफी अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। कह सकते हैं कि अब तक यह उनका सबसे अलग लुक है। यह फिल्म पहले 17 सितंबर, 2021 को रिलीज होने वाली थी। लेकिन कोविड -19 महामारी के कारण, रिलीज को पोस्टपोन कर दिया गया था।
अनेक की शूटिंग इस साल फरवरी में शुरु हुई थी। फिल्म नॉर्थ ईस्ट में शूट की गई है। सूत्रों के मुताबिक अनेक अनुभव की अब तक की सबसे महंगी और बड़े पैमाने की फिल्म है। इस थ्रिलर में आयुष्मान जोशुआ की भूमिका निभा रहे हैं। अनुभव के साथ आयुष्मान की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले, 2019 में आई फिल्म आर्टिकल 15 में दोनों साथ जुड़े थे, जिसे लोगों और समीक्षकों द्वारा बहुत सराहना मिली थी।


Click it and Unblock the Notifications












