Dream Girl 2 की नाइट शेड्यूल को एन्जॉय कर रहे हैं आयुष्मान खुराना, बताया रात में शूट करना क्यों है पसंद!

Ayushmann Khurrana: आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म 'ड्रीम गर्ल 2' की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का इन दिनों नाइट शेड्यूल चल रहा है, जिसे अभिनेता काफी पसंद कर रहे हैं। बहुत ही कम लोग जानते हैं कि आयुष्मान रात में काम करना पसंद करते हैं।
उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर सुबह 3 बजकर 40 मिनट पर एक तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें वो मुस्कुरा रहे थे। रात में वो सबसे खुशमिजाज रहते हैं। इस बारे में बात करते हुए, आयुष्मान ने बताया, "मैं नाइट पर्सन हूं। मुझे रात पसंद है। मैंने हमेशा रात की स्थिरता और शांति को सुखदायक पाया है।"
उन्होंने आगे बताया, ''जब मैं रात में सेट पर होता हूं तो मैं खुद को सबसे ज्यादा जीवंत महसूस करता हूं। जबकि टीम में कुछ लोगों को रात की शूटिंग करना मुश्किल लगता है, मैं आमतौर पर सभी से बात करता हूं और उनका उत्साह बढ़ा रहा होता हूं और रात को जीवंत रख रहा हूं। मैं रात में होने वाली शूटिंग का आनंद लेता हूं।"
अभिनेता ने आगे कहा, "मैं चांद से प्यार करता हूं, एक सेलेनोफाइल हूं और चांद से मुझे प्रेरणा मिलती है। सेट पर, मैं आमतौर पर इधर-उधर घूमता रहता हूं और अकेलापन एन्जॉय करता हूं। मैं अक्सर अपने गानों और कविताओं को देर रात तक लिखता हूं। जब सारी दुनिया थम जाती है तब मेरा दिमाग और तेज़ चलता है और मैं स्वयं को बहुत प्रोडक्टिव पाता हूं।"


Click it and Unblock the Notifications