आयशा टाकिया की बहन भी फिल्मों में
बॉलीवुड अभिनेत्री से व्यवसायी बनी आयशा टाकिया का कहना है कि उनकी 21 वर्षीया बहन नताशा टाकिया अगले साल बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी में हैं। वह चाहती हैं कि उनकी छोटी बहन का भी दर्शक वैसा ही स्वागत करें जैसा उन्होंने करीना कपूर का किया था।
आयशा कहती हैं, "नताशा अगले साल से फिल्मों में दिखेगी। आशा है कि उसका भी मनोरंजन उद्योग में वैसा ही स्वागत होगा जैसा अन्य अभिनेत्रियों की बहनों का हुआ है। मैं उसके लिए बहुत उत्साहित हूं। वह कड़ी मेहनत से खुद को तैयार कर रही हैं। जब मैंने शुरुआत की थी तो मुझे इन चीजों की कोई जानकारी नहीं थी। कम से कम अब जब सभी जानते हैं कि वह मेरी बहन है तो उसे अवसर मिलना चाहिए।"
आयशा कहती हैं कि वह चाहती हैं, उनकी बहन नताशा को करीना कपूर की तरह लिया जाए, जो अपनी बड़ी बहन करिश्मा के बाद इस उद्योग में आईं और उनसे भी आगे निकल गईं। हालांकि अन्य अभिनेत्रियों की बहनों जैसे तनिशा (काजोल की छोटी बहन) और शमिता शेट्टी (शिल्पा शेट्टी की छोटी बहन) का दर्शकों ने ठंडा स्वागत किया था।
अब दर्शक पर्दे पर आयशा की जगह नताशा को ज्यादा देखेंगे, क्योंकि आयशा व्यापार की दुनिया का रुख कर चुकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications