सलमान खान की एक्ट्रेस रह चुकीं आयशा जुल्का ने कहा- अब उनकी मां या भाभी बनना अजीब लगेगा
आयशा जुल्का 80-90 के दशक की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर के दौरान कई सुपरस्टार्स के साथ एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया था। आयशा जुल्का लंबे समय से फिल्मों से दूर थीं। हालांकि, 2018 में वो 'जीनियस' फिल्म में नजर आई थीं और अब उन्होंने वेब सीरीज 'हश-हश' के जरिए ओटीटी डेब्यू किया है।
लंबे समय बाद आयशा जुल्का को देखकर उनके फैंस भी खुश हैं। हाल ही में आयशा जुल्का ने एक इंटरव्यू में फिल्मों और अपने कमबैक के बारे में खुलकर बातचीत की। उन्होंने अब लीड एक्ट्रेसेस के किरदार में आए बदलाव के बारे में भी बात की और कहा कि, पहले के मुकाबले अब फीमेल एक्ट्रेसेस के किरदार काफी स्ट्रांग हो गए हैं।

साथ ही उन्होंने कहा- 'मुझे अजीब लगेगा अगर सलमान खान या जो भी मेरे को एक्टर्स रहे हैं, मुझे उनकी भाभी या मां का किरदार मिले तो। मैं ऐसे किरदार कभी नहीं करने वाली। लेकिन अगर किरदार काफी स्ट्रॉन्ग है तो मैं कर सकती हूं। मैं फिर इसके बारे में सोच सकती हूं। मैं अब आगे और अच्छे किरदार निभाना चाहती हूं।'
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इस इंटरव्यू में आयशा जुल्का ने ये भी बताया कि उन्हें टीवी से जुड़े कई ऑफर भी आए थे लेकिन, वो घंटो तक लगातार शूटिंग नहीं कर सकती हैं, इसलिए उन्होंने सभी ऑफर्स को ठुकरा दिया। वहीं, इतने सालों के अंतराल के बाद वापसी के सवाल का भी आयशा जुल्का ने जवाब दिया।
आयशा जुल्का ने कहा - 'मुझे ऐसे रोल मिल रहे थे जो मैं पहले कर चुकी थी या मुझे ऐसे बड़े-बड़े डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स के साथ प्रोजेक्ट्स मिल रहे थे, जहां मेरा कुछ काम ही नहीं था। मुझे ना बोलने में मुश्किल होती थी क्योंकि बड़े-बड़े प्रोडक्शन हाउस को मना करना आसान नहीं होता। कई लोगों ने मुझे कहा कि, कुछ नहीं होता तुम्हें काम करना चाहिए। अब इस समय क्या तुम्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड चाहिए? मैंने ये सब बातें सुनीं। लेकिन मन नहीं मानता था।'


Click it and Unblock the Notifications











