अयान मुखर्जी ने किया कंफर्म - ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 देव और पार्ट 3 अस्त्रवर्स पर एक साथ शुरू किया काम
अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र को काफी प्यार मिल रहा है और इसका सुबूत हैं बॉक्स ऑफिस के आंकड़े। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 11 दिन पूरे कर लिए हैं और इस खुशी में अयान मुखर्जी ने सोमवार के दिन एक पोस्ट किया। सोमवार इसलिए क्योंकि सोमवार, शिव का दिन होता है और ब्रह्मास्त्र के मुख्य किरदार का नाम शिवा है।
अयान मुखर्जी ने अपने पोस्ट में लिखा, "आज ब्रह्मास्त्र ने 11 दिन पूरे कर लिए हैं और आज सोमवार को (शिव जी के दिन) आप सबको कुछ सकारात्मक ऊर्जा भेजता हूं ये बताकर कि अब तक इस फिल्म ने क्या क्या उपलब्धि हासिल कर ली है।

ये फिल्म आने वाले कुछ दिनों में अपना शानदार सफर तय करती रहेगी क्योंकि अब त्योहारों का समय आ रहा है और फिल्म, त्योहारों पर भी लोगों में प्यार बांटेगी। अभी तक अच्छा और बुरा, जो भी प्रतिक्रिया हमें दर्शकों से मिली उसे हमने सहेज कर रखा है। इन सुझावों से हम सीखेंगे और आगे का काम और बेहतर करेंगे। अभी तक फिल्म से जुड़ी जितनी भी Fan Theories सामने आई हैं वो शानदार हैं और इनमें से कुछ कहानियों का इस्तेमाल तो मैं आने वाले समय में फिल्म में ज़रूर करूंगा।
मैं ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 देव और अस्त्र वर्स पर एक साथ कर रहा हूं। मुझे नहीं लगा था कि ये फिल्म बनाने के बाद मैं इतनी जल्दी काम पर लौट पाऊंगा। लेकिन फिल्म के प्रति दर्शकों ने जो प्यार और उत्साह दिखाया है उसने मुझे आने वाली फिल्म के लिए उत्साहित कर दिया है और मैं अपना काम शुरू कर चुका हूं। इन सबके लिए धन्यवाद।"

अस्त्र यूनिवर्स
अयान मुखर्जी ने साफ किया है कि वो शिवा के साथ ही अब अस्त्रवर्स पर काम करेंगे। इस फिल्म में वो सारे अस्त्रों से जुड़ी कहानियां बताएंगे और उनकी शुरूआत कैसे हुई ये भी बताएंगे। फिल्म में जहां, शाहरूख खान वानर अस्त्र हैं वहीं नागार्जुन वायु अस्त्र हैं। रिपोर्ट्स का दावा है कि फिल्म में आलिया भट्ट ही जल अस्त्र हैं और इसका खुलासा आगे चलकर ज़रूर किया जाएगा।

मोहन भार्गव स्पिन ऑफ
अयान मुखर्जी ये मान चुके हैं कि फिल्म में शाहरूख खान का किरदार स्वदेस के ही मोहन भार्गव का किरदार हैं। अयान के दिमाग में ये आईडिया इसलिए आया कि वो फिल्म स्वदेस में अयान मुखर्जी ने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था और तब से ही वो मोहन भार्गव के किरदार से प्रभावित थे। अयान का ये भी कहना है कि फैन्स इस समय इस किरदार के स्पिन ऑफ की डिमांड कर रहे हैं लेकिन जब ब्रह्मास्त्र बन रही थी तभी उनकी टीम इस स्पिन ऑफ पर विचार कर चुकी है और अब दर्शकों ने इस पर मुहर लगा दी है तो वो इस पर जल्दी ही काम करेंगे।

रणवीर - दीपिका देव - पार्वती
गौरतलब है कि ब्रह्मास्त्र के दूसरे पार्ट का नाम है देव और इसकी लीड कास्ट बताई जा रही है रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण। इन दोनों की ही झलक पहले पार्ट में मिल चुकी है। जहां दीपिका पादुकोण ने खुद अपना कैमियो शूट किया है वहीं अफवाहों की मानें तो रणवीर सिंह का कैमियो रणवीर सिंह ने नहीं बल्कि उनके बॉडी डबल ने शूट किया है। रिपोर्ट्स का ये भी दावा है कि ये कहानी होगी देव और पार्वती की।

करण जौहर ने दिया जवाब
हाल ही में किसी ने फिल्म के एक सीन को लेकर ट्विटर पर सवाल उठाया था और पूछा था कि ब्रह्मास्त्र में अस्त्रों के रक्षक और सबके गुरूजी अमिताभ बच्चन का घर गूगल मैप पर भी दिख जाता है। ये फिल्म कैसी है? इस पर करण जौहर ने फिल्म का बचाव करते हुए लिखा था क्योंकि गुरूजी एक आम इंसान की तरह ही इस दुनिया में रहते हुए अस्त्रों की रक्षा कर रहे हैं और इसलिए किसी भी आम इंसान की तरह गुरूजी का भी घर गूगल मैप्स पर ढूंढा जा सकता है।

बजट पर भी चर्चा
हाल ही में रणबीर कपूर ने फिल्म के बजट पर भी चर्चा की है। कोई इस फिल्म के बजट को 410 करोड़ बता रहा है तो कोई 600 करोड़। अब रणबीर कपूर ने एक इंटरव्यू में साफ किया कि ये बजट झूठा नहीं है लेकिन ये बजट पूरी तीन पार्ट की फिल्म का है। फिल्म पर अब तक 100 करोड़ रूपये VFx पर खर्च हो चुके हैं लेकिन ये अगले दो पार्ट में भी काम आएंगे। तो इस तरह से अलग अलग बता पाना मुश्किल है कि फिल्म का बजट क्या है क्योंकि ये तीन पार्ट की फिल्म का पूरा प्रोसेस है। ऐसे में फिल्म का घाटा और नुकसान भी तीनों पार्ट की कमाई जानने के बाद ही पता लग पाएगा।

टूट रहे हैं रिकॉर्ड्स
गौरतलब है कि ब्रह्मास्त्र जहां भारत में 200 करोड़ से ऊपर की कमाई कर चुकी है वहीं दूसरी तरफ, फिल्म वर्ल्डवाईड 350 करोड़ की कमाई कर चुकी है। फिल्म रोज़ एक नया रिकॉर्ड बना रही है। ये रणबीर कपूर की 11वीं हिट फिल्म है। वहीं इस साल आलिया भट्ट की तीसरी हिट फिल्म है। आलिया इससे पहले, गंगूबाई काठियावाड़ी, RRR और डार्लिंग्स में नज़र आ चुकी हैं।

तीन पार्ट की फिल्म
ब्रह्मास्त्र तीन पार्ट की फिल्म है। फिल्म को बनाने की शुरूआत 10 साल पहले हुई थी। ये जवानी है दिवानी पर काम खत्म करने के बाद ही अयान मुखर्जी ने इस फिल्म पर काम करना शुरू कर दिया था। उस समय इस फिल्म का नाम था ड्रैगन। लेकिन समय के साथ साथ ये फिल्म हिंदू मिथकों और कहानियों से जुड़ने लगी और आखिरकार इसका नाम रखा गया ब्रह्मास्त्र। जहां पहला भाग शिवा की कहानी है वहीं दूसरा भाग देव की कहानी होगा।


Click it and Unblock the Notifications











