अतरंगी रे की कहानी लीक - सारा अली खान के सपनों के राजकुमार अक्षय कुमार फिल्म में हैं ही नहीं, शानदार ट्विस्ट
सारा अली खान, धनुष और अक्षय कुमार स्टारर आनंद एल राय की फिल्म अतरंगी रे का दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है। फिल्म की स्टारकास्ट ही इतनी दिलचस्प है। अब फिल्म की कहानी लगभग लीक हो चुकी है जहां फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट सुनकर कोई भी चौंक जाएगा। फिल्म में अक्षय कुमार, सारा अली खान के सपनों के राजकुमार बने हैं।
लेकिन अक्षय कुमार केवल सारा अली खान के सपनों तक ही सीमित हैं। जी हां, बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो फिल्म में अक्षय कुमार का किरदार कल्पना में हैं जो सारा अली खान के सपनों में बुना जाता है।

बाद में जब धनुष के किरदार को सारा अली खान से प्यार होता है और वो उनका दिल जीतना चाहते हैं तो वो हर पल सारा के सपनों के राजकुमार यानि कि अक्षय कुमार जैसा बनने की कोशिश करने में जुट जाते हैं। यही फिल्म की कहानी है। अक्षय कुमार का किरदार फिल्म की कहानी में बस कल्पना है, हकीकत में है नहीं।
रिपोर्ट्स की मानें तो आनंद एल राय ने पहले ये किरदार ऋतिक रोशन को ऑफर किया था और ऋतिक इसे करने को तैयार भी थे। लेकिन फिर अचानक, ऋतिक ने इस फिल्म से अपने हाथ वापस खींच लिए और ये अक्षय कुमार की झोली में आ गिरा।

27 करोड़ में फिल्म
गौरतलब है कि इस फिल्म में काम करने के लिए अक्षय कुमार ने लगभग 27 करोड़ की फीस ली है। जबकि फिल्म में अक्षय कुमार केवल एक कैमियो कर रहे हैं। हालांकि, आनंद एल राय की टीम ने शुरू से ही इस बात का खंडन किया है। वैसे अक्षय कुमार लगभग 2 - 2.5 करोड़ रूपये प्रतिदिन के हिसाब से काम करते हैं।

सारा और अक्षय की जोड़ी
जब से फिल्म से सारा और अक्षय की तस्वीरें सामने आई थीं तब से फैन्स इस जोड़ी को एक साथ स्क्रीन पर देखने के लिए उत्साहित थे। अब जब फिल्म की कहानी सामने आ चुकी है तो फैन्स फिल्म के लिए और भी ज़्यादा उत्साहित हैं।

पति - पत्नी का किरदार
कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में धनुष और सारा अली खान पति - पत्नी की भूमिका में दिखाई देंगे और धनुष एक ऐसे पति की भूमिका अदा करेंगे जो शादी के बाद अपनी पत्नी के सपनों का राजकुमार बनने की कोशिश में हर दिन निकालता है।

मदहोशी में भी दिखे काल्पनिक प्रेमी
अगर काल्पनिक प्रेमी की बात करें तो जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु भी इस तरह की कहानी पर एक फिल्म कर चुके हैं। लेकिन उस फिल्म में बिपाशा बसु एक मानसिक बीमारी से ग्रसित थीं जहां वो अपने प्रेमी को अपने कल्पना की दुनिया में जन्म देती हैं और फिर उसी कल्पना को सच मान लेती हैं। आनंद एल राय की फिल्म में सारा अली खान, जान बूझते अपनी कल्पना में एक ढांचा तैयार करती है।

वाराणसी में शूटिंग
फिल्म की शूटिंग उत्तर भारत में हुई है और वाराणसी फिल्म का अहम हिस्सा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी आनंद एल राय की फिल्म रांझणा में वाराणसी फिल्म का मुख्य हिस्सा था और इस फिल्म में धनुष वाराणसी में रहने वाले एक तमिल पंडित बने थे।

वैलेंटाईन डे पर रिलीज़
अतरंगी रे पहले 2021 के वैलेंटाईन डे पर रिलीज़ होने वाली थी। फिर कोरोना के चलते फिल्म पोस्टपोन कर दी गई। इसकी नई रिलीज़ डेट 6 अगस्त रखी गई थी लेकिन एक बार फिर दूसरी लहर ने सब चौपट कर दिया। माना जा रहा है कि अब ये फिल्म 2022 के वैलेंटाईन डे पर बड़े परदे पर दस्तक दे सकती है।

आनंद एल राय के साथ अगली फिल्म
इस फिल्म को पूरा करने के बाद अब सारा अली खान जल्दी ही आनंद एल राय की अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रही हैं जिसका नाम है नखरेवाली। इस फिल्म में सारा अली खान के साथ दिखाई देंगे विकी कौशल के भाई सनी कौशल।


Click it and Unblock the Notifications