आसिन बीमार, अस्पताल में भर्ती
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री आसिन थोट्टुमकल रात-दिन लगातार काम करने के कारण बीमार पड़ गईं। उन्हें सायनस की गंभीर समस्या के बाद कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिल्म 'गजनी' से शोहरत हासिल करने वाली इस अभिनेत्री को सोमवार सुबह अस्पताल में दाखिल किया गया। अस्पताल में आसिन के साथ मौजूद उनके पिता ने कहा, "वह अस्पताल में है लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है।"
कुछ दिन के इलाज के बाद आसिन अपने घर पहुंच जाएंगी। ईद के दिन उनके अस्पताल पहुंचने की खबर चारों ओर फैल गई थी। कुछ लोगों का कहना था कि अत्याधिक थकान के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था।
आसिन के एक करीबी सूत्र ने कहा, "आसिन को थकान की वजह से नहीं सायनस की गंभीर समस्या की वजह से अस्पताल में भर्ती किया गया है। वह पिछले कुछ समय से अपनी सायनस की परेशानी को नजरअंदाज कर रही थीं। लेकिन अब वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। बीमार होने के बाद भी वह हमेशा की तरह अब भी चुलबुली हैं।"
फिल्म 'लंदन ड्रीम्स' की रात्रि शूटिंग के दौरान उनकी सायनस की परेशानी बढ़ गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











