आजकल के गानों में वो बात नहीं:आशा भोंसले

आशा भोंसले ग्लोबल इंडियन म्यूज़िक अवॉर्ड की ब्रांड एंबेसडर बनाई गईं
आशा भोंसले भारतीय संगीत की हालत से ख़ुश नहीं हैं.
ग्लोबल इंडियन म्यूज़िक अवॉर्ड की ब्रांड एंबेसडर नियुक्त की गईं आशा कहती हैं, "अच्छा संगीत छुप गया है, उसे बाहर लाना बहुत ज़रूरी है. अच्छे संगीत में लोकसंगीत, वेस्टर्न म्यूज़िक, फ़्यूज़न, शास्त्रीय सब कुछ शामिल है. अच्छे गायकों को उभारना, उन्हें पहचान देना बहुत ज़रूरी है. वर्ना भारतीय संगीत मर जाएगा."
ग्लोबल इंडियन म्यूज़िक अवॉर्ड संगीत जगत से जुड़ी हस्तियों को दिए जाएंगे. आशा भोंसले के मुताबिक़ ये पुरस्कार नए-नए कलाकारों को एक मंच देंगे.
आजकल आशा जी बहुत कम गाने गा रही हैं. इसकी वजह पूछने पर वो कहती हैं, "मैंने 65 साल में 13 हज़ार गाने गाए हैं. बहुत अच्छे गायकों और संगीतकारों के साथ गाने गाये. अब मेरा दिल भर गया. कोई ऐसा स्टाइल नहीं बचा जिसमें मैंने गाना नहीं गाया."
आशा भोंसले के मुताबिक़ पहले गाने अच्छे लिखे जाते थे और संगीत भी बढ़िया होता था. गायक भी बहुत ज़्यादा रिहर्सल के बाद गाते थे, इस वजह से वो गाने ज़्यादा चलते थे. उन्होंने कहा कि आजकल के गानों में वो बात नहीं है.
आशा भोंसले को इस बात से भी शिक़ायत है कि आजकल गायकों को गाने का श्रेय नहीं मिलता.
वो कहती हैं, "टीवी या रेडियो पर गाना आता है, लेकिन उसमें बताया ही नहीं जाता कि किस गायक की आवाज़ है. ऐसे में बेचारे गायकों को कहां से मौक़ा मिलेगा."


Click it and Unblock the Notifications