गायिका आशा भोंसले दुनिया के टॉप 20 संगीत हस्तियों में

आशा दुनिया के टॉप 20 संगीत हस्तियों में नामांकित
सुरीली आवाज़ की मलिका आशा ने कहा कि मैंने अपने जीवन में विश्व स्तर पर भारतीय संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देने की कोशिश की है। मैं इस बात से बेहद खुश हूं कि इस प्रयास में मुझे कुछ हद तक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि यद्यपि सीएनएन ने मुझे विश्व की शीर्ष 20 संगीत हस्तियों में नामांकित किया है लेकिन यह दर्शकों पर निर्भर है वे अंतत अपना मत किसे देना है, इसका फैसला करें। जय हिंद।
सुरों की मल्लिका हैं आशा
इससे पहले सीएनएन ने इस महान गायिका के बारे में कहा कि बॉलीवुड की चमकती हुई स्टार आशा भोंसले गायन की मल्लिका हैं और उन्होंने 800 से अधिक फिल्मों में 10 हज़ार से अधिक गाने गाए हैं। अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की छाया में प्लेबैक सिंगिंग शुरु करने वाली आशा (76) ने 1957 में दिलीप कुमार और वैजंयतीमाला की 'नया दौर' फिल्म में मांग के साथ तुम्हारा गाने से लोकप्रियता हासिल की।
नया दौर से मिली सफलता
सीएनएन ने म्यूज़िक मैगज़ीन सांगलाइन के साथ मिलकर यह सूची तैयार की है जिसमें एरेथा फ्रैंकलीन, जेम्स ब्राउन, बॉब मार्ली, सेलिया क्रूज़, सूफी गायक नुसरत फतेह अली खां जैसे गायक शामिल हैं। सीएनएन इन 20 में से शीर्ष पांच का चयन करने के लिए ऑनलाइन चुनाव कर रही है। शीर्ष पांच की घोषणा 25 अगस्त को की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications











