दिवाली के जश्न के बाद NCB के ऑफिस पहुंचे आर्यन खान, तीन घंटे तक बिताना पड़ा समय
शाहरूख खान - गौरी खान के बेटे आर्यन खान, पिछले शनिवार को जम़ानत पर रिहा हुए हैं और दिवाली के जश्न के एक दिन बाद ही उन्हें वापस NCB के दफ्तर पहुंचना पड़ा। दरअसल, आर्यन खान को किन शर्तों पर ज़मानत की मंज़ूरी मिली है उनमें से एक शर्त ये भी है कि आर्यन को हर शुक्रवार, सुबह 11 - 2 तक NCB के दफ्तर में हाजिरी लगानी होगी।
आर्यन खान, आज सुबह 11.30 बजे, NCB के दफ्तर पहुंचे। वहां आर्यन ने हाजिरी रजिस्टर पर साईन किया। इस दौरान, उनसे कुछ पूछताछ नहीं हुई। हालांकि, NCB चाहे तो उनसे पूछताछ कर सकती है।

आर्यन को ऑफिस में तीन घंटे का समय बिताना पड़ा। इस दौरान, अगर उनसे पूछताछ की जाती है तो भी आर्यन NCB के सवालों के जवाब देने के लिए बाध्य नहीं है। वो NCB के ऑफिस, वकील के साथ या बिना वकील के भी जा सकते हैं।

आर्यन खान को शर्तों पर मिली है ज़मानत
आर्यन खान की ज़मानत याचिका मंज़ूर तो कर ली गई है लेकिन ये याचिका मंज़ूर करते हुए आर्यन खान के लिए 14 नियम व शर्तें रखी गईं हैं और इनमें से कोई भी शर्त पूरी करने में अगर आर्यन नाकामयाब हुए तो उनकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी। आर्यन के लिए जब तक ये केस खत्म नहीं होता या फिर इस केस से उनका नाम नहीं हटता, तब तक के लिए आर्यन के लिए आने वाली जीवन काफी मुश्किलों भरा है।

घर पहुंचने के बाद काउंसलिंग
रिपोर्ट्स की मानें तो घर लौटने के बाद शाहरूख खान और गौरी खान, आर्यन की काउंसलिंग करवा रहे हैं। इतना ही नहीं खबरें ये भी थीं कि दिवाली के बाद खान परिवार, आर्यन के साथ कुछ समय भारत से दूर बिताएगा। हालांकि, ऐसा होना संभव कैसे हो पाएगा ये देखना होगा। क्योंकि ज़मानत की शर्तों के हिसाब से आर्यन खान अपना पासपोर्ट जमा कर चुके हैं। वो विदेश यात्रा कर ही नहीं सकते, जब तक ये केस खत्म नहीं होता।

केस से जुड़ी मुश्किलें
इस केस के Investigation ऑफिसर की अनुमति के बिना देश छोड़िए, आर्यन खान मुंबई से भी बाहर नहीं जा सकते हैं। उन्हें हर बार, ऑफिसर से इस बात की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। वहीं आर्यन खान इस केस से जुड़ा कोई भी बयान सोशल मीडिया पर या मीडिया में नहीं दे सकते। जब तक इन आरोपों से उन्हें बरी नहीं कर दिया जाता है। हाल ही में आर्यन ने इंस्टाग्राम पर अपनी प्रोफाईल फोटो तक हटा दी है।

दोस्तों से रह रहे हैं दूर
जब तक आर्यन खान सारे आरोपों से बरी नहीं कर दिए जाते हैं तब तक वो ड्रग्स केस के किसी भी आरोपी से ना मिल सकते हैं और ना ही बात कर सकते हैं। यानि कि जेल से निकलने के बाद भी आर्यन खान, अपने दोस्त अरबाज़ मर्चेंट से नहीं मिल सकते हैं। वहीं आर्यन खान ड्रग्स या ऐसी किसी भी एक्टिविटी में लिप्त नहीं हो सकते हैं। अगर उन्हें ऐसा करते पाया गया तो वो वापस जेल के अंदर होंगे और उनकी ज़मानत उसी वक्त खारिज कर दी जाएगी।

घरवापसी के बाद जश्न
गौरतलब है कि आर्यन खान को 1 लाख रूपये के बॉन्ड पर छोड़ा गया है। ये बॉन्ड जुही चावला ने भरा है और उनका पासपोर्ट और आधार डीटेल्स भी कोर्ट में जमा कर दी गई है। जुही चावला ने आर्यन की गारंटी ली है। आर्यन के घर वापस लौटने के बाद लगभग पूरी इंडस्ट्री ने शाहरूख खान को बधाई दी और जश्न मनाया।

आर्यन के लिए शाहरूख को उठाना पड़ा ये कदम
सूत्रों की मानें तो शाहरूख खान इस बीच होटल ट्राईडेंट में रह रहे थे। वो अपने घर के बाहर की मीडिया की नज़रों में नहीं आना चाहते थे और इसलिए शाहरूख खान ने चुपचाप होटल ट्राईडेंट को अपना ठिकाना बनाया हुआ था। शाहरूख खान अपनी गाड़ी का भी इस्तेमाल नहीं कर रहे थे क्योंकि मीडिया उनकी गाड़ी पहचानती है। फिर भी जब शाहरूख खान आर्यन से मिलने जेल पहुंचे थे तो मीडिया का पूरा हुजूम वहां पहुंचा हुआ था।


Click it and Unblock the Notifications











