दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल भी हुए 'जवान' के फैन, शाहरुख खान का डायलॉग बोलते हुए की वोटिंग सिस्टम पर बात

Arvind Kejriwal On Jawan: शाहरुख खान स्टारर फिल्म 'जवान' इन दिनों सुर्खियों मे हैं। फिल्म ने सिनेमाघरों में मजबूती के साथ पकड़ बनाए रखी है, वहीं बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ रही है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 'जवान' की तारीफ करते हुए फिल्म के एक डायलॉग का जिक्र किया है।
अमृतसर दौरे पर केजरीवाल ने लोगों से पूछा कि क्या आप लोगों ने जवान फिल्म देखी है। मैंने सुना है कि बहुत अच्छी है। उसमें शाहरुख खान कहते हैं कि कोई वोट मांगने आए तो धर्म के नाम पर वोट मत देना। जाति के नाम पर वोट मत देना। कोई वोट मांगने आए तो उससे पूछना कि क्या मेरे बच्चों को अच्छी शिक्षा दोगे? मेरे परिवार के लिए अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था दोगे?
सिर्फ आम आदमी पार्टी शिक्षा की बात करती है
उन्होंने आगे कहा, "आज 75 साल के बाद भी देश में एक ही पार्टी ऐसी है जो ठोक बजा कर ये बात कहती है कि आप हमें वोट दो.. क्योंकि हम आपके बच्चों को अच्छी शिक्षा देंगे और ऐसा कहने वाली सिर्फ आम आदमी पार्टी ही है।"
मीडिया से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में हम लोगों ने सरकारी स्कूल शानदार बनाए तो लोग बोले दिल्ली में तो हो सकता है क्योंकि छोटा राज्य है। लेकिन आज हमें खुशी है कि भगवंत मान सरकार ने वही शिक्षा क्रांति पंजाब में शुरू की है। अब गरीब का बच्चा अमीरों जैसी शिक्षा प्राप्त करेगा। हम पंजाब का हर सरकारी स्कूल ऐसा ही बनाएंगे और हर बच्चे को शानदार शिक्षा देंगे। ये हमारा वादा था और उस वादे को पूरा करने का काम शुरू हुआ है।"
बता दें, अरविंद केजरीवाल ही नहीं, बाकी राजनीतिक नेता भी शाहरुख खान की जवान के संवादों का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। हाल ही में, भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए शाहरुख खान की 'जवान' का हवाला दिया और दावा किया कि इस फिल्म ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले UPA के 10 साल के "भ्रष्ट" शासन को उजागर किया है।


Click it and Unblock the Notifications











