'राजनीति' के भीम बने हैं अर्जुन

सत्ता और उसके प्रभाव के इर्द-गिर्द बुनी गई है निर्देशक प्रकाश झा की नई फ़िल्म ‘राजनीति’. फ़िल्म में एक अहम भूमिका में नज़र आ रहे हैं अर्जुन रामपाल.
अपने किरदार के बारे में अर्जुन कहते हैं, "मेरा किरदार महाभारत के भीम से प्रेरित है. मैं रणबीर कपूर का बड़ा भाई बना हूं. मेरे किरदार का नाम पृथ्वी है. उसे सत्ता से प्यार है, वो दिल से सोचता है, बहुत बोलता है. वो कभी भी एक जगह टिक कर नहीं बैठता, या तो आपसे प्यार करता है या फिर नफ़रत. मुझे ये रोल करने में बहुत मज़ा आया."
अर्जुन मानते हैं कि फ़िल्म की सबसे बड़ी ख़ासियत इसकी कहानी है. वो कहते हैं, "मुझे फ़िल्म की स्क्रिप्ट में सबसे ज़्यादा ये बात पसंद आई कि हम सभी को ऐसे किरदार निभाने को मिले जो हमने इससे पहले नहीं किए थे. और बतौर अभिनेता आप यही चाहते हैं."
वो आगे कहते हैं, "फ़िल्म दिखाती है कि सत्ता का नशा कैसा होता है और इसके लिए लोग क्या-क्या करते हैं. फ़िल्म सत्ता के प्रभाव को दर्शाती है जो हमेशा अच्छा ही नहीं होता."
फ़िल्म में अर्जुन रामपाल के अलावा रणबीर कपूर, कटरीना कैफ़, अजय देवगन, नाना पाटेकर और मनोज बाजपेयी भी हैं.
हालांकि फ़िल्म राजनीति और सत्ता जैसे गंभीर विषय पर है लेकिन अर्जुन रामपाल मानते हैं कि ये बहुत मनोरंजक फ़िल्म है. वो कहते हैं, "ये फ़िल्म कोई सीख नहीं देती बल्कि ये बंद दरवाज़ों के पीछे राजनीति के खेल दिखाती है."
अपने करियर की शुरुआत में अर्जुन रामपाल की छवि एक ग्लैमरस ऐक्टर की थी लेकिन हाल ही में ‘रॉक ऑन’ जैसी फ़िल्मों में उनकी अभिनय प्रतिभा भी देखने को मिली. रॉक ऑन के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है.
लेकिन अर्जुन कहते हैं कि ‘राजनीति’ उन्हें ‘रॉक ऑन’ या ‘ओम शांति ओम’ से पहले ऑफ़र की गई थी. वो कहते हैं, "प्रकाश झा ने मुझे ये फ़िल्म 2005 में ऑफ़र की थी. उन्होंने अपना राजनीतिक अनुभव हम सबके साथ बांटा, ख़ासकर मेरे, रणबीर और कटरीना के साथ जिससे हमें बहुत मदद मिली."
फ़िल्म चार जून को रिलीज़ होगी.


Click it and Unblock the Notifications