छह साल पहले साइन की 'राजनीति'

साल 2010 की कामयाब फ़िल्म 'राजनीति' में एक अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता अर्जुन रामपाल का कहना है कि ये फ़िल्म उन्होंने छह साल पहले साइन कर ली थी.
बीबीसी से ख़ास बात करते हुए अर्जुन रामपाल कहते हैं, "राजनीति में जितने भी कलाकार हैं, उनमें से सबसे पहले मैंने ये फ़िल्म साइन की. मैंने 'ओम शांति ओम' और 'रॉक-ऑन' से भी पहले ये फ़िल्म साइन कर ली थी. प्रकाश जी ने छह साल पहले ही मुझे साइन कर लिया था."
अर्जुन रामपाल की इसी साल आई एक और फ़िल्म 'हाउसफ़ुल' को भी अच्छी कामयाबी मिली. इस फ़िल्म के बारे में बात करते हुए अर्जुन कहते हैं "जब फ़िल्म के निर्देशक साजिद ख़ान इस फ़िल्म का प्रस्ताव लेकर मेरे पास आए, तो मुझे इसकी कहानी बड़ी अजीब लगी. बाघ का घर में घुस आना, बंदर का चांटा मारना, ये सब बातें मुझे समझ में नहीं आईं. लेकिन साजिद को इस कहानी पर पूरा विश्वास था. और यही बात सबसे ज़्यादा मायने रखती है."
अर्जुन रामपाल की आने वाली फ़िल्म है करण जौहर की 'वी आर फ़ैमिली' जिसमें उनके साथ काजोल और करीना कपूर की मुख्य भूमिका है. इसके अलावा अर्जुन, शाहरुख खान के साथ फ़िल्म 'रा.1' में भी काम कर रहे हैं. शाहरुख इस फ़िल्म के निर्माता भी हैं.
'रा.1' के बारे में बात करते हुए अर्जुन कहते हैं, "ये रोल मेरे लिए शारीरिक तौर पर बेहद चुनौतीपूर्ण था. लेकिन इस फ़िल्म में काम करने के बाद मैं पहले से ज़्यादा फ़िट और मज़बूत बन गया हूं."


Click it and Unblock the Notifications