हो जाओ तैयार, अब दिखेगा ब्रजवासियों का 'तेवर'!
अर्जुन कपूर और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'तेवर' का सभी सिनेमाप्रेमी दिल थामें इंतजार कर रहे हैं। लेकिन आपको बता दें, इस फिल्म के लिए सबसे ज्यादा बेताब हैं ब्रजवासी। ब्रज क्षेत्र के कलाकार नौ जनवरी को रिलीज हो रही फिल्म 'तेवर' को लेकर काफी उत्साहित हैं।

दरअसल, फिल्म 'तेवर' की ज्यादातर शूटिंग गोकुल, मथुरा, फतेहपुर सीकरी और आगरा में हुई है। इतना ही नहीं, फिल्म में भले ही सोनाक्षी सिन्हा, अर्जुन कपूर और मनोज बाजपेयी ने मुख्य भूमिका निभाई है। लेकिन 'तेवर' में कई स्थानीय कलाकारों को भी अभिनय करने का मौका मिला है।
मथुरा निवासी लकी तोमर फिल्म में मनोज बाजपेयी के जिगरी दोस्त की भूमिका में हैं, जबकि मनोज स्वयं खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। 'तेवर' में एक्टिंग करने वाले ब्रज के अन्य कलाकारों में ठाकुर दुर्ग सिंह, विष्णु चौधरी और अशोक यादव का नाम शामिल है। अमित शर्मा के निर्देशन में बनी और बोनी कपूर एवं संजय कपूर निर्मित 'तेवर' में आगरा के दीपक शर्मा ने भी एक छोटी सी भूमिका निभाई है।
लिहाजा, खुद को सिल्वर स्क्रीन पर देखने का मोह यहां के लोग रोक नहीं पा रहे। वहीं यह मसाला दर्शकों के लिए भी अलग सा होगा। काफी कम फिल्में होती हैं, जहां स्थानीय कलाकारों को मौका दिया जाता है।


Click it and Unblock the Notifications











