'संदीप और पिंकी फरार' रिलीज डेट, सूर्यवंशी के चार दिनों पहले आएगी अर्जुन- परिणीति की फिल्म
लगभग दो सालों से टलती जा रही अर्जुन कपूर- परिणीति चोपड़ा स्टारर फिल्म 'संदीप और पिंकी फरार' की नई रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। यशराज बैनर तले यह फिल्म अब 20 मार्च 2020 को रिलीज होगी। बता दें, इससे पहले दो बार इस फिल्म की रिलीज डेट बदल चुकी है। 2018 में ही इसकी घोषणा कर दी गई थी। पहले यह फिल्म 3 अगस्त 2018 को रिलीज होने वाली थी.. फिर 1 मार्च 2019 को। फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया है।
अर्जुन- परिणीति को जोड़ी इससे पहले दो और फिल्मों में दिख चुकी है, इशकज़ादे और नमस्ते इंग्लैंड। जहां पहली फिल्म हिट रही थी, वहीं नमस्ते इंग्लैंड औंधे मुंह गिरी थी और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी।

फिल्म में अर्जुन एक 30 वर्षीय हरयाणवी पुलिस अफसर की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका नाम है पिंकी दहिया। वहीं, परिणीती का किरदार पूरी तरह से करियर पर फोकस लड़की का है और उनका नाम है संदीप कौर। जो कॉरपोरेट सेक्टर में काम करती है। दिल्ली में रहती है और उसे साफ पता है कि उसे जिंदगी से क्या चाहिए। जाहिर है यहां नाम का लफड़ा साफ दिख रहा है।
कहानी दो ऐसे लोगों की है.. जो भारत के बिल्कुल अलग अलग परिवेश से आते हैं। और दोनों एक दूसरे से बेहद नफरत करते हैं। लेकिन दोनों की लाइफ आपस में टकराती है। बहरहाल, यह फिल्म 20 मार्च को आने वाली है, यानि की अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी की रिलीज से ठीक 4 दिनों पहले। ऐसे में फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर क्या हाल होने वाला है.. यह देखना दिलचस्प होगा।
संदीप और पिंकी फरार के अलावा इस साल यशराज फिल्म्स की और चार फिल्में रिलीज होने वाली हैं- शमशेरा, जयेशभाई जोरदार, पृथ्वीराज और बंटी और बबली 2।


Click it and Unblock the Notifications











