APSA में चार भारतीय फिल्में नामांकित
आलोचनात्मक दृष्टि से प्रशंसित रही चार भारतीय फिल्मों 'देव डी', 'ए वेडनेस्डे', 'तहान' और 'मुंबई मेरी जान' को 26 नवम्बर को घोषित किए जाने वाले 'एशिया पैसिफिक स्क्रीन अवार्ड्स' (एपीएसए) की विभिन्न श्रेणियों में नामांकित किया गया है।
बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप को शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास 'देवदास' पर आधारित 'देव डी' फिल्म बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक श्रेणी में नामांकित किया गया है। संतोष सीवान की फिल्म 'तहान' को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म की श्रेणी में नामांकन मिला है।
फिल्म 'ए वेडनेस्डे' में अभिनय के लिए अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में और फिल्म 'मुंबई मेरी जान' में पटकथा के लिए विनायक जोशी और उपेंद्र सिध्ये को सर्वश्रेष्ठ पटकथा श्रेणी में नामांकित किया गया है।
श्रीलंका और भारत के सह-निर्माण में बनी फिल्म 'आकासा कुसुम' (आकाश में फूल) में अभिनय के लिए मालिनी फोन्सेका को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में नामांकित किया गया है। पुरस्कारों के ज्यूरी सदस्यों में फिल्म 'गांधी, माय फादर' के निर्देशक अब्बास खान भी शामिल हैं।
आगामी 26 नवम्बर को ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित तीसरे वार्षिक एपीएसए समारोह में विजेताओं की घोषणा की जाएगी। पुरस्कारों में 16 देशों की 37 फिल्मों के साथ नौ श्रेणियों में नामांकनों की घोषणा की गई है।


Click it and Unblock the Notifications











