अपार्टमेंट में उथल पुथल

‘बवंडर’ और ‘प्रवोक्ड’ जैसी बहुचर्चित फ़िल्मों के निर्देशक जगमोहन मुंदड़ा अब लेकर आए हैं ‘अपार्टमेंट’.
ये एक थ्रिलर है जिसमें तनुश्री दत्ता, नीतू चंद्रा, अनुपम खेर और रोहित रॉय नज़र आएंगे. ये फ़िल्म इसी सप्ताह रिलीज़ हो रही है.
फ़िल्म की कहानी मुंबई में एक अपार्टमेंट के इर्द-गिर्द घूमती है. शहर में बाहर से आने वाले लोग अक्सर अपने आशियाने की खोज में रहते हैं और कई अलग-अलग पृष्ठभूमियों से आए लोग, बिना किसी जांच-पड़ताल के एक साथ रहना शुरु कर देते हैं.
इस फ़िल्म कहानी ऐसे ही कुछ लोगों की ज़िंदगी में मची उथल-पुथल पर आधारित है.
इस फ़िल्म की प्रेरणा के बारे में जगमोहन मुंदड़ा कहते हैं, “मैं मुंबई में लोखंडवाला के आसपास कॉफ़ी शॉप पर ऐसे कई लोगों को देखता था. ये लोग बातों-बातों में ही एक दूसरे के साथ अपना किराए का मक़ान या कमरा शेयर करने के लिए तैयार हो जाते थे. मुझे ये बहुत ही दिलचस्प लगा.”
तारीफ़
मुंदड़ा कहते हैं कि ये एक ‘पैसा वसूल’ फ़िल्म है जो दर्शकों को स्क्रीन के सामने बांधे रखेगी.
फ़िल्म मुख्य भूमिका निभा रही नीतू चंद्रा कहती हैं कि ये छोटे शहर से आई एक लड़की कहानी है जो मुंबई के माहौल में ढलने की कोशिश करती है.
जगमोहन मुंदड़ा के साथ काम करने के बारे में नीतू चंद्रा कहती हैं, “जगमोहन मुंदड़ा को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा का बहुत ज्ञान है क्योंकि उन्होंने हॉलीवुड और बॉलीवुड दोनों ही जगह काम किया है. साथ ही उन्हें बाक़ी भाषाओं के सिनेमा के बारे में काफ़ी कुछ मालूम है. मुझे उनमें ये बात बहुत अच्छी लगी.”
तनुश्री दत्ता भी जगमोहन मुंदड़ा की काफ़ी तारीफ़ करती हैं.
तनुश्री ने बीबीसी को बताया कि मुंदड़ा की फ़िल्मों में महिला किरदार बड़े सशक्त होते हैं और उन्हें मालूम था कि उनके किरदार के साथ न्याय मुंदड़ा न्याय करेंगे.
उनका कहना था कि मुंदड़ा ने वाकई उनके किरदार को बख़ूबी से फ़िल्म में उतारा है.


Click it and Unblock the Notifications