होगा पानी के लिये युद्ध, झगड़ेंगे रितिक-अनुष्का
मुंबई। फिल्म पानी को लेकर चुटकी भरे अंदाज में पेश की गई इस खबर की हेडलाइन जितनी ही मजाकिया है, फिल्म उतनी ही गंभीर है। देश के सूखाग्रस्त इलाकों में पानी की किल्लत पर आधारित फिल्म पानी का निर्देश शेखर कपूर करने जा रहे हैं। यशराज बैनर के तले बन रही फिल्म में रितिक रौशन के साथ अनुष्का शर्मा का नाम फाइनल हो गया है।
जैसा कि आप जानते हैं कि अनुष्का शर्मा यशराज बैनर की पसंदीदा हीरोइनों में से एक हैं। उन्हें आदित्य चोपड़ा ने शेखर कपूर के साथ डिसकशन करके पानी के लिये फाइनल कर दिया है। जल्द ही इस बात की घोषणा कर दी जायेगी। असल में पिछले कई दिनों से शेखर को रितिक के साथ हीरोइन की तलाश थी, लेकिन नाम नहीं तय हो पा रहा था। हाल ही में शेखर ने राजकुमार हिरानी की फिल्म पीके के कुछ सीन देखे। उसमें उन्हें अनुष्का का काम पसंद आया।
मीडिया से बातचीत में शेखर ने कहा, "मैं पानी के लिये जैसी हीरोइन की तलाश में था, वो सारे गुण अनुष्का में हैं और आदित्य भी राजी हैं।" शेखर कपूर की इस बात से साफ है कि रितिक की जोड़ी जल्द ही अनुष्का के साथ बनेगी।
वैसे इसमें कोई दो राय नहीं कि दोनों ही जब अपने कैरेक्टर में आते हैं तो रोल में पूरी तरह डूब जाते हैं। ऊपर से अगर निर्देशक शेखर कपूर जैसा हो, तब तो फिल्म में चार-चांद लग जाते हैं। कुल मिलाकर आप अभी से पानी के रूप में एक अच्छी फिल्म की उम्मीद कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications












