चकदा एक्सप्रेस से अनुष्का शर्मा ने शेयर की नई तस्वीर, झूलन गोस्वामी के लुक में आईं नज़र, वायरल हैं कई तस्वीरें
अनुष्का शर्मा अपनी आने वाली नेटफ्लिक्स फिल्म, चकदा एक्सप्रेस की शूटिंग में व्यस्त हैं। अब अनुष्का ने फिल्म से एक नई तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में अनुष्का, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी के लुक में नज़र आईं। तस्वीर, फिल्म के एक सीन से हैं जहां झूलन गोस्वामी कलकत्ता की एक सड़क पर खड़ी हैं और बारिश में भीग रही हैं।
अनुष्का ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन दिया - उस कहानी का एक पन्ना जिसे पढ़ना बहुत ही ज़रूरी है। गौरतलब है कि अनुष्का शर्मा काफी लंबे समय से इस फिल्म पर काम कर रही हैं और उन्होंने इसके लिए कड़ी ट्रेनिंग ली है। फिल्म के लिए ना सिर्फ झूलन गोस्वामी ने बल्कि विराट कोहली ने भी अनुष्का को ट्रेन किया है।

हाल ही में नेटफ्लिक्स ने 2022 - 23 में रिलीज़ होने वाली फिल्मों का अनाउंसमेंट किया है जिनमें से एक है अनुष्का शर्मा की चकदा एक्सप्रेस। इस अनाउंसमेंट के साथ ही फिल्म की शूटिंग के दौरान की कुछ झलकियां भी रिलीज़ की गईं जिनमें दिखा कि अनुष्का ने झूलन गोस्वामी का किरदार निभाने के लिए कितनी मेहनत की है।

जमकर की प्रैक्टिस
साल की शुरूआत से ही अनुष्का शर्मा इस समय फिल्म के लिए पूरी तरह से प्रैक्टिस सेशन में डूब चुकी थीं क्योंकि मई - जून में उन्हें इस फिल्म का पहला शेड्यूल शुरू करना था जो कि पूरा हो चुका है। प्रॉसित रॉय द्वारा निर्देशित इस फिल्म का पहला शेड्यूल शूट हुआ कोलकाता में। यहां झूलन गोस्वामी के निजी ज़िंदगी के कई हिस्से शूट किए गए। इसके बाद झूलन गोस्वामी की क्रू ने एक ब्रेक लिया था।

सीखी हैं क्रिकेट की बारीकियां
अनुष्का शर्मा काफी समय से इस बायोपिक पर काम कर रही हैं। इस दौरान अनुष्का सचमुच मैदान में उतरीं और क्रिकेटर बनने के लिए इस खेल की सारी बारीकियां अपने कोच से सीखीं। चूंकि, अनुष्का शर्मा विश्व से सबसे सफल क्रिकेटर्स में से एक विराट कोहली की पत्नी हैं इसलिए उन पर क्रिकेट को बारीकी से समझने का प्रेशर भी काफी ज़्यादा है। उनकी हर छोटी से बड़ी गलती पर दर्शकों की नज़र होगी।

पांच साल बाद करेंगी वापसी
चकदा एक्सप्रेस को 2023 में रिलीज़ करने का प्लान बनाया जा रहा है। इसका मतलब है कि इस फिल्म के साथ अनुष्का शर्मा पांच साल बाद परदे पर वापसी करेंगी। अनुष्का शर्मा आखिरी बार, शाहरूख खान के साथ आनंद एल राय की फिल्म ज़ीरो में नज़र आई थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों से एक ब्रेक ले लिया था। इसके बाद कोरोना महामारी और उनकी बेटी वामिका के जन्म के कारण, अनुष्का शर्मा परदे से थोड़ा और दूर रहीं।

महिला क्रिकेट का संघर्ष
अनुष्का शर्मा एक इंटरव्यू में झूलन गोस्वामी बायोपिक पर बात करते हुए बता चुकी हैं कि ये फिल्म उनके लिए बहुत खास है। झूलन गोस्वामी उस वक्त की सबसे सफल महिला क्रिकेटर हैं जब महिलाएं क्रिकेट में अपनी एक अलग जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। इस संघर्ष में झूलन गोस्वामी ने जीत कैसे पाई ये दुनिया के लिए एक मिसाल के रूप में देखी जाने वाली कहानी होगी जो कि अनुष्का उनकी बायोपिक में बताएंगी।

फिटनेस पर दिया पूरा ध्यान
गौरतलब है कि वामिका के जन्म के पहले से ही अनुष्का शर्मा ब्रेक पर थीं। उन्होंने वामिका के जन्म के बाद भी तुरंत काम पर ना लौटने का फैसला किया था। अनुष्का, विराट कोहली के साथ उनके इंटरनेशनल टूर पर दिखाई दीं तो वहीं विराट और उनके दोस्तों के साथ छोटी छोटी हॉलीडे ट्रिप पर भी दिखाई दीं। अब अनुष्का अपनी फिटनेस पर पूरा ध्यान दे रही हैं और उनका पूरा ध्यान अपनी फिल्म पर है।

लुक्स पर उठ चुके हैं सवाल
चकदा एक्सप्रेस का टीज़र कुछ महीनों पहले ही रिलीज़ किया गया था और इस टीज़र में अनुष्का शर्मा को झूलन गोस्वामी के किरदार में देख दर्शकों को ज़्यादा संतुष्टि नहीं हुई। सबका ध्यान अनुष्का के मजबूरी भरी बोली की ओर तुरंत गया। वहीं दर्शकों ने ये भी सवाल उठाया कि इस रोल के लिए तिलोत्तमा शोमे या कोंकणा सेन शर्मा के नाम पर विचार क्यों नहीं किया गया क्योंकि ये दोनों ही अभिनेत्रियां इस रोल के लिए परफेक्ट होती हैं। अनुष्का को फिल्म से इन सारे सवालों के जवाब देने हैं।

आधिकारिक तौर पर हुआ एलान
इस फिल्म को लेकर कई बार काफी अफवाहें भी उड़ीं। इनमें से एक अफवाह ये भी थी कि अनुष्का शर्मा इस फिल्म को अभिनेत्री के तौर पर छोड़ चुकी हैं और अब इस फिल्म में अनुष्का के प्रोडक्शन हाउस की चहेती अभिनेत्री तृप्ति डिमरी होंगी जो कि झूलन गोस्वामी के किरदार में दिखाई देंगी। हालांकि, अब नेटफ्लिक्स ने आधिकारिक तौर पर इस फिल्म का एलान कर दिया है।


Click it and Unblock the Notifications











